आजमगढ़ : हर वैध वोट बचाना ही 2027 की जीत की कुंजी : इं. सुनील कुमार यादव

Youth India Times
By -
0





एसआईआर पर सुनील कुमार यादव का हमला, कहा– नाम कटने नहीं देंगे, संगठन रहेगा चौकन्ना, विरोधियों की रणनीति करेंगे नाकाम

पीडीए भवन में संगठनात्मक समीक्षा बैठक, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान
आजमगढ़। पीडीए भवन में आयोजित पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण सभा को संबोधित करते हुए ई. सुनील कुमार यादव ने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर की सक्रियता और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहले ही संकेत दिया था कि एसआईआर के जरिए प्रदेश में सबसे अधिक नाम आजमगढ़ जिले से काटे जा सकते हैं, जो संगठन के लिए गंभीर चिंता का विषय था। उन्होंने बताया कि इस आशंका को गंभीरता से लेते हुए जनपद संगठन ने व्यापक विचार-विमर्श कर रणनीति तैयार की। एसआईआर प्रक्रिया शुरू होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बूथ स्तर तक सक्रिय होकर अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि मात्र एक महीने के भीतर स्थिति में बड़ा परिवर्तन देखने को मिला। उनके अनुसार, नाम कटने से बचाने के मामले में जो जिला पहले निचले पायदान पर था, वह अब प्रदेश में शीर्ष पर पहुंच गया है। इसे उन्होंने संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम बताया। ई. सुनील कुमार यादव ने कहा कि यदि प्रत्येक बूथ पर विरोधी दल 10 से 20 वोट भी प्रबंधित करने में सफल हो जाते हैं तो चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं। इसलिए अब तक की मेहनत को अंतिम चरण तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर बूथ पर 20-25 वैध मतदाताओं के नाम कटने से बचाने का लक्ष्य लेकर काम करें। उनका कहना था कि यदि ऐसा सुनिश्चित किया जाता है तो चुनाव में जीत की राह आसान हो सकती है। सभा में उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल विभिन्न तरीकों से सपा समर्थकों के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक फॉर्म भरवाने की कोशिश की जा रही है, ऐसे में पार्टी पदाधिकारियों को दोगुनी संख्या में फॉर्म भरकर वैध मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी निभानी होगी। अपने संबोधन में उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता परिवर्तन चाहती है और भाजपा सरकार को हटाने का मन बना चुकी है। ऐसे में संगठन को वोट काटने और जोड़ने की पूरी प्रक्रिया पर सतर्क नजर रखने की आवश्यकता है। सभा के अंत में उन्होंने कहा कि पहले चरण में संगठन ने अच्छा कार्य किया है, लेकिन आगे भी इसी मजबूती और एकजुटता के साथ काम करने की जरूरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार प्रदेश में बनेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)