आजमगढ़ : सड़क जाम व पुलिस से धक्का-मुक्की मामले में 19 नामजद सहित 50 अज्ञात पर मुकदमा

Youth India Times
By -
0





एक्सीडेंट में युवक की मौत के बाद परिजनों ने शव रखकर किया था जाम, पुलिस के समझाने पर खुला रास्ता

आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नूरपुर बुतात गांव में सड़क जाम और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने के मामले में पुलिस ने 19 नामजद सहित 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई उपनिरीक्षक कमला सिंह यादव की तहरीर पर की गई। पुलिस के अनुसार 14 मार्च को उपनिरीक्षक कमला सिंह यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था ड्यूटी पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि राजू पटवा के पुत्र शिवा पटवा की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद मृत्यु हो गई है। इसके बाद मृतक के परिजन और रिश्तेदार शव का दाह संस्कार करने की बात कहकर सुबह करीब 9:05 बजे शव को लेकर मुख्य सड़क पर पहुंच गए और सठियांव–जीयनपुर मार्ग पर नूरपुर बुतात के पास जाम लगाने लगे। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि परिजनों व समर्थकों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते हुए गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से लैस होकर सड़क पर बेंच, लकड़ी व रस्सी डालकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। जाम में फंसे यात्रियों में आक्रोश फैल गया और लोग अपने वाहनों को मोड़कर अन्य रास्तों से निकलने लगे, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति की सूचना मिलने पर थाना मुबारकपुर से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रभारी निरीक्षक ने भी लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने। बाद में क्षेत्राधिकारी सदर के मौके पर पहुंचकर समझाने तथा मुआवजे का आश्वासन देने के बाद जाम समाप्त कराया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने इस मामले में बिक्की पटवा, रोहित, सागर, हीरा पटवा, अंजू पटवा, आदित्य, विशाल पटवा, बिक्की पुत्र बबलू, आकाश, मोनू पटवा, रीना, सरोज, सनी पटवा, विक्की पटवा की मौसी, राजू पटवा, कैलाश, अजू, रानी सोनकर, किसमती सहित 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)