डेयरी सप्लाई से पहले असली दूध निकालकर मिलाया जाता था नकली दूध, 200 लीटर नकली दूध बरामद
यूरिया, मेथनॉल सहित खतरनाक केमिकल बरामद, मकान मालिक फरार
आजमगढ़। जनपद के थाना देवगांव क्षेत्र में पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने केमिकलयुक्त कृत्रिम दूध बनाने के बड़े रैकेट का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान 200 लीटर कृत्रिम दूध, भारी मात्रा में अपमिश्रक पदार्थ और खतरनाक केमिकल बरामद करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका सहयोगी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, 07 फरवरी को उपनिरीक्षक सुभाष तिवारी प्रभारी चौकी लालगंज पुलिस बल के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान काशी डेयरी, मिर्जाआदमपुर के प्रबंधक रजनिकान्त मिश्रा एवं अरविन्द शर्मा द्वारा सूचना दी गई कि ग्राम सोफीपुर में दूध सप्लायर संतोष कुमार अपने मकान मालिक प्रमोद राय के साथ मिलकर केमिकल मिलाकर कृत्रिम दूध तैयार कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से दबिश दी। लगभग 16:05 बजे मौके से अभियुक्त संतोष कुमार पुत्र चन्द्रपाल सिंह, निवासी गोविन्दीगढ़ी, थाना सतरौली, जनपद एटा को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मकान मालिक प्रमोद राय पुत्र रामबचन राय फरार हो गया। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि लालच में आकर वह टैंकर से असली दूध निकाल लेता था और उसमें केमिकलयुक्त कृत्रिम दूध मिलाकर डेयरी में सप्लाई करता था। निकाले गए असली दूध को प्रमोद राय स्वयं का बताकर डेयरी में बेच देता था। मौके से पुलिस ने करीब 200 लीटर कृत्रिम दूध, 100 लीटर अपमिश्रक मिश्रण, 40 लीटर केमिकलयुक्त रिफाइंड तेल, 45 किलो यूरिया, मेथनॉल, एथनॉल, सोडियम हाइड्रॉक्साइड सहित कई खतरनाक रसायन, बड़े ड्रम, प्लास्टिक कंटेनर, पाइप और दूध निकालने का हैंड पंप बरामद किया है। इस संबंध में थाना देवगांव में मु0अ0सं0 54/2026 धारा 274, 275, 318(1) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। फरार अभियुक्त की तलाश की जा रही है। पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं लोगों ने इसे जनस्वास्थ्य के लिए बड़ी कार्रवाई बताया है।





