सीईआईआर पोर्टल से मिली सफलता, पुलिस का मोबाइल रिकवरी अभियान जारी
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे गुमशुदा मोबाइल फोन बरामदगी अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से जनवरी 2026 में जिले से खोए हुए कुल 197 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। गुमशुदा मोबाइल धारकों द्वारा सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर सीसीटीएनएस प्रभारी को मोबाइल बरामदगी के निर्देश दिए गए थे। फरवरी 2024 से लगातार इस अभियान को जनपद में संचालित किया जा रहा है। रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में अकेले 1553 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर स्वामियों को सौंपे गए थे। वहीं, पिछले 24 महीनों में आजमगढ़ पुलिस अब तक कुल 3001 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 7.5 करोड़ रुपये है। आजमगढ़ पुलिस की इस पहल को आमजन की सुरक्षा और भरोसे की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।





