सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में प्रतिभा स्ट्राइकर ने किया शानदार प्रदर्शन
आजमगढ़। प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज द्वारा प्रतिभा प्रीमियर लीग का आयोजन सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, आजमगढ़ के ग्राउंड पर किया गया। प्रतियोगिता में कुल पाँच टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रथम मैच का उद्घाटन विद्यालय के प्रबंधक रमाकांत वर्मा द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। उद्घाटन मुकाबला प्रतिभा पैंथर और प्रतिभा स्ट्राइकर के बीच खेला गया। प्रतिभा पैंथर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 52 रन बनाए, जिसके जवाब में प्रतिभा स्ट्राइकर ने 54 रन बनाकर आठ विकेट से मैच जीत लिया। दूसरे मैच का शुभारंभ क्रिकेट कोच चंदन द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। यह मुकाबला प्रतिभा लायंस और प्रतिभा स्टार के बीच खेला गया। प्रतिभा लायंस ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए प्रतिभा स्टार ने आठ ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 48 रन बनाए, लेकिन बेहतर प्रदर्शन के चलते प्रतिभा स्टार ने 52 रनों से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला प्रतिभा स्टार और प्रतिभा स्ट्राइकर के बीच खेला गया। प्रतिभा स्ट्राइकर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में 117 रन बनाए और 118 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रतिभा स्टार की टीम आठ ओवर में मात्र 41 रन ही बना सकी और प्रतिभा स्ट्राइकर ने खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में मैन आॅफ द मैच नीरज चौधरी, बेस्ट बैट्समैन नीरज चौधरी, बेस्ट बॉलर राजीव सोनकर, प्लेयर आॅफ द सीरीज राजीव सोनकर रहे। मैच के निर्णायक मंडल में आदित्य, बृजेश और सत्यम शामिल रहे। कार्यक्रम में कई विद्यालयों के प्रबंधक उपस्थित रहे। इस अवसर पर जीईसी सरायमीर की प्रधानाचार्य डॉ. संध्या वर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। निरंतर मेहनत और अनुशासन से खिलाड़ी जिला, प्रदेश और देश स्तर पर अपना नाम रोशन कर सकते हैं।




