दो युवतियों ने की आपस में शादी, थाने पहुंचकर मांगी सुरक्षा

Youth India Times
By -
0

 





परिजनों और पुलिस की समझाइश के बावजूद फैसले पर रहीं अडिग
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मुरादाबाद और रामपुर जिले की दो युवतियों ने आपस में शादी कर ली। शादी के बाद दोनों युवतियां स्वयं थाने पहुंचीं और पुलिस को अपने विवाह की जानकारी देते हुए जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की। युवतियों की बात सुनकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। पुलिस के अनुसार, यह मामला भगतपुर थाना क्षेत्र के भरतपुर इलाके के एक गांव का है। मुरादाबाद की रहने वाली युवती करीब एक वर्ष पूर्व रामपुर जिले के टांडा क्षेत्र में अपनी रिश्ते की बुआ के घर गई थी। वहीं पड़ोस में रहने वाली युवती से उसकी जान-पहचान हुई, जो धीरे-धीरे गहरी हो गई। दोनों ने पांच दिन के भीतर ही साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया। 31 जनवरी की सुबह दोनों युवतियां अपने-अपने घर से निकल गईं और सोमवार को शादी रचा ली। इधर, मुरादाबाद की युवती के लापता होने पर परिजनों ने भगतपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगाने की तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। हालांकि, शादी के बाद दोनों युवतियां खुद थाने पहुंच गईं। थाने पहुंचने की सूचना मिलते ही दोनों के परिजन भी वहां पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवतियों ने परिजनों के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। पुलिस ने भी काफी समझाइश दी, लेकिन दोनों अपने फैसले पर अडिग रहीं। भगतपुर थाना क्षेत्र के मानपुर चौकी प्रभारी जयवीर सिंह ने बताया कि युवतियों को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। मंगलवार को दोनों को कोर्ट में पेश कर उनके बयान दर्ज कराए गए हैं। अब इस मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुसार की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)