आजमगढ़ : डीएवी काशीराम आवास के लोगों का फूटा गुस्सा, बिजली-पानी संकट पर चक्काजाम

Youth India Times
By -
0





तीन दिन से अंधेरे में रहे परिवार, भारी बिल दिखाने का आरोप, शहर कोतवाल की पहल पर खुला जाम
आजमगढ़। डीएवी काशीराम आवास के निवासी पिछले तीन दिनों से बिजली और पानी संकट से जूझ रहे थे। समस्या से त्रस्त होकर बुधवार दोपहर आवासीय परिसर की महिलाओं और पुरुषों ने पुरानी जेल के पास सड़क पर चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए जाम से यातायात प्रभावित हो गया और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि उन्हें पूर्व में मायावती सरकार के दौरान यह आवास मुफ्त उपलब्ध कराया गया था, लेकिन अब बिजली विभाग की ओर से 8 से 10 लाख रुपये तक के भारी-भरकम बिल दिखाए जा रहे हैं। उनका कहना था कि इतनी बड़ी धनराशि जमा करना गरीब परिवारों के लिए संभव नहीं है, और जब तक बिल जमा नहीं होगा तब तक बिजली बहाल नहीं की जा रही है। बिजली कटने से पानी की आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे हालात और खराब हो गए। सूचना मिलते ही शहर कोतवाल यदुवेन्द पाण्डेय मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक वार्ता चलती रही। पुलिस ने बिजली विभाग के अधिकारियों से फोन पर संपर्क कर वार्ता कराई, जिसके बाद लोगों को आश्वासन दिया गया कि उनकी समस्या पर विचार किया जाएगा। कोतवाल यदुवेन्द पाण्डेय ने बताया कि बिजली विभाग द्वारा कनेक्शन काटे जाने के विरोध में लोग प्रदर्शन कर रहे थे। विभागीय अधिकारियों से वार्ता के बाद लोगों ने शांतिपूर्वक जाम समाप्त कर दिया। करीब घंटों की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)