थाने के पीछे किशोरी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, मौत

Youth India Times
By -
0




मरने से पहले लिया आरोपी का नाम, परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का लगाया आरोप
बाराबंकी। जनपद बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। थाना परिसर से महज 100 मीटर की दूरी पर 17 वर्षीय किशोरी को पेट्रोल डालकर जला दिया गया। गंभीर रूप से झुलसी किशोरी ने देर शाम लखनऊ के सिविल अस्पताल के बर्न वार्ड में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, थाने के पीछे से धुआं उठता और चीख-पुकार सुनाई देने पर स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े। वहां किशोरी गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में मिली। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृत्यु से पहले किशोरी ने पुलिस को दिए बयान में कस्बे के एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत युवक का नाम लिया। उसने कहा कि युवक ने ही “फूंक देंगे” कहकर धमकी दी थी। युवक का नाम लेने के बाद किशोरी की आवाज लड़खड़ा गई और वह आगे कुछ नहीं बोल सकी। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना में दो से तीन लोगों के शामिल होने की आशंका है। परिजनों के मुताबिक किशोरी दोपहर करीब 12 बजे घर से शौच के लिए निकली थी। करीब 12:16 बजे बड़ी बहन को सूचना मिली कि वह घर से लगभग 150 मीटर दूर खेत में जली हालत में पड़ी है। परिवार के लोग जब मौके पर पहुंचे तो किशोरी के शरीर पर कपड़े नहीं थे। पास के खेत में मचान पर पड़ी रजाई से उसे ढंका गया। पुलिस को घटनास्थल से पेट्रोल और पानी की एक-एक बोतल बरामद हुई है। बताया गया कि किशोरी करीब 80 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि किशोरी के कपड़े जल गए थे और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लिए गए हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। आरोपी युवक की तलाश जारी है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)