आजमगढ़ : कैम्ब्रिज प्लेवे स्कूल व मॉडर्न स्कूल जहानागंज में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

Youth India Times
By -
0




रोमांचक प्रतियोगिताएं, नए रिकॉर्ड सहित येल्लो हाउस बना ओवरआल चैंपियन
खेल से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का होता है विकास-राकेश सिंह, प्रबन्धक
आजमगढ़। जनपद के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान कैम्ब्रिज प्लेवे स्कूल एवं मॉडर्न स्कूल जहानागंज में 6वीं वार्षिक दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वसंत सिंह द्वारा खेल मशाल प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर राजेश सिंह, राजेश यादव, श्रीपति बाला एवं रमेश सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरूआत आकर्षक मार्च पास्ट से हुई, जिसमें विभिन्न हाउस के विद्यार्थियों ने अनुशासित कदमताल के साथ मुख्य अतिथि को सलामी दी। विद्यार्थियों की सधी हुई चाल, एकरूपता और उत्साह ने उपस्थित अभिभावकों व अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे परिसर में देशभक्ति गीतों और तालियों की गड़गड़ाहट से उत्सव जैसा माहौल बना रहा। दिनभर आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। 100 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, क्रिकेट और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं ने कार्यक्रम को रोमांचक बना दिया। 400 मीटर दौड़ में अमन यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड स्थापित किया, जिसे दर्शकों ने खड़े होकर तालियों से सराहा। रिले रेस में टीमवर्क का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला, जबकि रस्साकशी में छात्रों ने अपनी शक्ति और रणनीति का परिचय दिया। सभी प्रतियोगिताओं के समापन के बाद अंकों के आधार पर येल्लो हाउस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरआॅल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि वसंत सिंह द्वारा मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रबंधक राकेश सिंह ने कहा, खेलकूद शिक्षा का अभिन्न अंग है। इससे बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी उतना ही आवश्यक है। खेल बच्चों को मानसिक रूप से मजबूत बनाता है और जीवन में चुनौतियों का सामना करने की क्षमता प्रदान करता है। हमारा प्रयास है कि विद्यालय में विद्यार्थियों को शैक्षिक उत्कृष्टता के साथ खेलों में भी बेहतर अवसर और मार्गदर्शन मिले, ताकि वे हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के दौरान प्रिंसिपल मनोज कुमार पाण्डेय, सूरज सिंह, विपुल राज निगम, विमलेश सिंह, अमित मिश्रा, नेहा सिंह सहित समस्त शिक्षकगण व बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। दो दिवसीय इस आयोजन ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया तथा विद्यालय परिवार के लिए यह कार्यक्रम एक यादगार अवसर बन गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)