आजमगढ़ मंडल में अलर्ट, गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

Youth India Times
By -
0



30–40 किमी प्रतिघंटा तक चल सकती है हवा

सरसों, चना और गेहूं की फसलों पर असर की आशंका, सतर्क रहने की अपील
आजमगढ़। लगातार बदल रहे मौसम के मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आजमगढ़ मंडल के आजमगढ़, बलिया और मऊ जनपदों के लिए आगामी दो दिनों का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बादलों की गरज के साथ बिजली गिरने, बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। राज्य मौसम विभाग प्रभारी अतुल कुमार सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से वातावरण में नमी बढ़ गई है, जिससे बादलों की आवाजाही तेज हो रही है। इसी कारण अचानक मौसम खराब होने की स्थिति बन रही है। चार फरवरी तक रुक-रुक कर बारिश के आसार हैं। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे खुले इलाकों में नुकसान की आशंका है। मौसम के बदले रुख का असर खेती पर भी पड़ सकता है। रबी फसलों के लिए यह मौसम कुछ हद तक लाभकारी माना जा रहा है, लेकिन तेज बारिश और हवाओं की स्थिति में सरसों, चना और गेहूं की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। सोमवार की सुबह धूप निकलने के बाद दोपहर होते-होते बादल छा गए, जिससे दिनभर की गर्मी गायब हो गई। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या ऊंचे स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों को भी मौसम को देखते हुए कटाई, सिंचाई जैसे कृषि कार्य फिलहाल टालने की हिदायत दी गई है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे और चेतावनी जारी की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)