पुलिस टीम की स्कार्पियो पेड़ से टकराई, दारोगा की मौत

Youth India Times
By -
0




दबिश देकर लौट रही थी टीम, सुबह साढ़े छह बजे हुआ हादसा

वरिष्ठ उप निरीक्षक व महिला दारोगा समेत पांच पुलिसकर्मी घायल, अस्पताल में भर्ती
गोरखपुर। गोरखपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस विभाग को बड़ा झटका लगा। कुशीनगर से दबिश देकर लौट रही गोरखपुर पुलिस टीम की स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में रामगढ़ताल थाने में तैनात दारोगा संतोष कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि वरिष्ठ उप निरीक्षक और एक महिला दारोगा समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम जालसाजी के एक मामले में कार्रवाई करने कुशीनगर जिले के खड्डा क्षेत्र गई थी। कार्रवाई के बाद टीम मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे गोरखपुर लौट रही थी। इसी दौरान श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतरारी चौकी के पास पहुंचते ही वाहन चालक का नियंत्रण गाड़ी से हट गया और स्कार्पियो सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दारोगा संतोष कुमार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)