उत्तर प्रदेश में गर्मी की आहट तेज; इन जिलों में बूंदाबांदी के आसार

Youth India Times
By -
0




30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सर्दी अब अंतिम दौर में नजर आ रही है और गर्मी की दस्तक साफ महसूस की जाने लगी है। बीते कुछ दिनों से निकल रही तेज धूप के कारण दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दोपहर के समय हल्की गर्माहट के साथ पसीने का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में ठंड का असर और कमजोर पड़ेगा तथा अधिकतम तापमान में क्रमिक वृद्धि जारी रहेगी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 18 फरवरी, बुधवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा और दिल्ली से सटे जिलों के साथ बुंदेलखंड क्षेत्र में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ छिटपुट बूंदाबांदी के आसार हैं। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य बना रहेगा। वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बताया कि बादलों की सक्रियता बढ़ने से रात के तापमान में भी इजाफा होगा और रातें अपेक्षाकृत गर्म रह सकती हैं। राजधानी लखनऊ में भी मौसम ने तेजी से करवट ली है। फरवरी माह में ही सर्दी की विदाई के संकेत मिलने लगे हैं। दोपहर की धूप में चुभन साफ महसूस की जा रही है और गर्म कपड़े बोझिल लगने लगे हैं। सोमवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 1.3 डिग्री अधिक है। अगले 48 घंटों में रात के तापमान में दो से तीन डिग्री तक और बढ़ोतरी के संकेत हैं। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार को हल्के बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि राजधानी में वर्षा की संभावना नहीं है। प्रदेश में सोमवार को आगरा 32.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रहा। प्रयागराज में 31.6 डिग्री और बांदा में 31.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं 14.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ हमीरपुर में सबसे गर्म रात रही। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तापमान में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो फरवरी के अंतिम सप्ताह तक गर्मी और स्पष्ट रूप से महसूस होने लगेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)