आजमगढ़ : नौकरी दिलाने के नाम पर 20.39 लाख की ठगी

Youth India Times
By -
0




फोनपे व बैंक खातों के जरिए लाखों का लेन-देन, विश्वास दिलाने को खाते में भेजी गई 'फर्जी तनख्वाह'
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आदमपुर निवासी रामप्रसाद चौहान ने अपने दो बेरोजगार पुत्रों को नौकरी दिलाने के नाम पर 20 लाख 39 हजार रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश को प्रार्थना पत्र भेजकर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में छ: आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार, रोजगार की तलाश के दौरान उनकी मुलाकात सुमित कुमार निवासी चक हपसापुर थाना भीमपुरा जनपद बलिया से हुई। सुमित ने उन्हें रोशन कुमार तथा बाद में नीलेश कुमार निवासी दोहरीघाट (मऊ) और आदित्य सिंह से मिलवाया। आरोप है कि सभी ने मिलकर साजिश के तहत उनके पुत्र अभय चौहान व रोशन चौहान को नौकरी दिलाने का झांसा दिया और किस्तों में नगद व आॅनलाइन माध्यम से रकम वसूल की। पीड़ित ने बताया कि देवरिया में 8 लाख रुपये नगद दिए गए। इसके अलावा यूनियन बैंक और एक्सिस बैंक के खातों से फोनपे के माध्यम से सुष्मिता कुमारी व सुनील कुमार खरवार के खातों में विभिन्न तिथियों पर कुल 12,39,000 रुपये से अधिक की रकम ट्रांसफर की गई। इस प्रकार कुल मिलाकर 20,39,000 रुपये आरोपितों ने ले लिए। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि भरोसा दिलाने के लिए 11 जुलाई 2025 को अभय चौहान के खाते में 21,500 रुपये तनख्वाह के रूप में नेफ्ट के जरिए भेजे गए, ताकि नौकरी लगने का विश्वास बना रहे। हालांकि लंबे समय तक नियुक्ति न मिलने पर जब पीड़ित ने रकम वापस मांगी तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। रामप्रसाद चौहान का आरोप है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो भोले-भाले लोगों को नौकरी का झांसा देकर ठगी करता है। उन्होंने अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी परिक्षेत्र, पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ मंडल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ तथा मुख्यमंत्री को भी प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि भेजी है। पीड़ित ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी एवं धनवापसी की मांग की है। मुबारकपुर पुलिस ने सुमित कुमार, रोशन कुमार, नीलेश कुमार, आदित्य,सुष्मिता कुमारी, सुनील कुमार खरवार, रोशन कुमार के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)