आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने जादूगर के कार्यक्रम में काम दिलाने और मुनाफे में हिस्सेदारी देने के नाम पर 1 लाख 14 हजार रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। जाफरपुर निवासी नन्दिनी सेठ पुत्री श्रवण सेठ के अनुसार, वह झांकी कार्यक्रम में कार्य करती थी। बीते वर्ष फूलपुर रामलीला मैदान में चल रहे जादूगर शहंशाह के कार्यक्रम में काम दिलाने के नाम पर फूलपुर निवासी विशाल प्रजापति ने उसे बुलाया। वहां उसकी मुलाकात कार्यक्रम संचालक अमित प्रजापति निवासी गौरी श्रीराम थाना विशुनपुरा जिला कुशीनगर और सुनील कुमार बिन्द निवासी मिर्जापुर से हुई। एक दिन का 600 रुपये मेहनताना तय हुआ और 30 अक्टूबर 2025 से वह कार्यक्रम में काम करने लगी। पीड़िता का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान दोनों आरोपियों ने मुनाफे में आधी हिस्सेदारी देने का लालच देकर उससे पैसे लगाने को कहा। विश्वास में आकर उसने अलग-अलग तिथियों में कुल 1,14,000 रुपये नकद और ऑनलाइन दिए। 16 नवंबर 2025 को 80 हजार रुपये उसकी मां लक्ष्मी और शिवा राजपूत की मौजूदगी में दिए गए, जबकि अन्य रकम किस्तों में और ऑनलाइन ट्रांसफर की गई। पीड़िता के मुताबिक, फूलपुर के बाद कार्यक्रम मुगलसराय के राज गार्डेन में भी चला। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब उसने अपनी रकम और मुनाफे की मांग की तो आरोपी टालमटोल करने लगे। दबाव बनाने पर अमित प्रजापति ने कथित रूप से एक लिखित कागज पर 1 लाख रुपये किश्तों में लौटाने की बात स्वीकार की, लेकिन अब तक एक भी रुपये का भुगतान नहीं किया गया। युवती का यह भी आरोप है कि रुपये मांगने पर उसे गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। वर्तमान में संबंधित जादूगर का कार्यक्रम सिद्धपीठ माँ काली मंदिर पोखरा चकिया के पास चल रहा है। पीड़िता ने बताया कि स्थानीय थाने में सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। मामले में पुलिस अधिकारियों का पक्ष लिया जाना शेष है।
आज़मगढ़ : जादूगर के नाम पर युवती से ठगी, 1.14 लाख रुपये हड़पने का आरोप
By -
Thursday, February 26, 2026
0
Tags:






