आजमगढ़। सदर तहसील में तैनात अमीन सुरेश उपाध्याय की गुमशुदगी के बाद अब उनके अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अमीन के पुत्र विकास उपाध्याय की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने ठेकमा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख भूपेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के भांजे ओमप्रकाश सिंह, उसकी पत्नी रुबी सिंह उर्फ आकांक्षा सिंह तथा एक अज्ञात व्यक्ति (रुबी के चाचा) के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बेटे विकास उपाध्याय का आरोप है कि उनके पिता को लगातार धमकियां मिल रही थीं। आरोप है कि धमकी देने वाले ने कहा था, “गलत जगह हाथ डाले हो, इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।” विकास के अनुसार, धमकी देने वालों में ओमप्रकाश सिंह और रुबी सिंह के परिजन शामिल थे, जिससे उनके पिता मानसिक रूप से भयभीत रहते थे। शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि अमीन सुरेश उपाध्याय 17 जनवरी को उस समय लापता हो गए थे, जब वह एक आरसी के तहत 70 लाख रुपये के बकाया की वसूली के सिलसिले में रैदोपुर मोहल्ले में रुबी सिंह के घर गए थे। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका। बाद में उनका शव सिधारी क्षेत्र में बसपा कार्यालय के पीछे मिलने की जानकारी सामने आई। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि रुबी सिंह के नाम पर करीब 70 लाख रुपये का लोन था, जिसकी किस्तों का भुगतान नहीं किया जा रहा था। लोन से बचने के लिए रुबी सिंह ने अपना नाम बदलकर आकांक्षा रख लिया और अहरौला निवासी ओमप्रकाश सिंह से शादी कर ली। जब-जब अमीन सुरेश उपाध्याय बकाया वसूली के लिए जाते थे, उन्हें धमकाया जाता था। बेटे का आरोप है कि इन्हीं लोगों ने साजिश रचकर उनके पिता का अपहरण कर हत्या कर दी और शव को सिधारी क्षेत्र में फेंक दिया। वहीं, इस मामले में ठेकमा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख भूपेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना सिंह ने लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनके और उनके रिश्तेदारों पर लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत, निराधार और बेबुनियाद हैं। ओमप्रकाश सिंह उनके रिश्तेदार जरूर हैं, लेकिन इस घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है। केवल नाम ले लेने से कोई आरोपी नहीं हो जाता। अमीन का कार्य आरसी से जुड़ा था, जो उनकी शासकीय जिम्मेदारी थी। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है।






