जयपुर में गणतंत्र दिवस पर मिला सम्मान, आजमगढ़ पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
गरीबों की निःस्वार्थ सेवा और क्षार सूत्र विधि से सफल उपचार के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान
आजमगढ़। निजामाबाद तहसील क्षेत्र अंतर्गत फरिहां बाजार स्थित फैजी मेमोरियल हॉस्पिटल के संचालक डॉ. इरफान अहमद को उनके उत्कृष्ट चिकित्सकीय कार्य और समाजसेवा के लिए भारत सेवा रत्न सम्मान अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें 26 जनवरी 2026 को राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी 15 अगस्त 2025 को डॉ. इरफान अहमद को YSS फाउंडेशन की ओर से बवासीर के प्राचीन एवं प्रभावी उपचार क्षार सूत्र विधि से सफल ऑपरेशन के लिए राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। भारत सेवा रत्न अवार्ड प्राप्त कर अपने गृह जनपद आजमगढ़ पहुंचने पर डॉ. इरफान अहमद का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। स्वागत समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, चिकित्सकों, पत्रकारों और हजारों की संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। स्थानीय लोगों ने कहा कि आजमगढ़ को पहले लोग अलग नजर से देखते थे, लेकिन अब यह जिला शिक्षा, चिकित्सा और सेवा के क्षेत्र में प्रदेश और देश स्तर पर पहचान बना रहा है। मीडिया से बातचीत में डॉ. इरफान अहमद ने कहा कि फैजी मेमोरियल हॉस्पिटल में आने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों को हरसंभव सहयोग किया जाता है और यह सेवा आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि पूरे उत्तर प्रदेश से भारत सेवा रत्न अवार्ड के लिए एकमात्र नाम उनका ही चयनित हुआ, जो जिले के लिए गर्व की बात है। इस सम्मान समारोह में मुख्य रूप से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. कृष्णमुरारी विश्वकर्मा, रानी की सराय ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख इसरार अहमद, ठेकमा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख भूपेन्द्र सिंह मुन्ना, खेतासराय चेयरमैन वसीम अहमद, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बृजभूषण उपाध्याय, फरिहा प्रधान अबूबकर खान सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, चिकित्सक, पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







