एक मृतक दिल्ली में रहकर करता था काम, दूसरा था 12वीं का छात्र
आजमगढ़। जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात हुए सड़क हादसों में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। अलग-अलग स्थानों पर हुए इन हादसों से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पहली घटना बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जैगहा गांव निवासी 25 वर्षीय संजय पासवान की है। संजय दिल्ली में रहकर एक कंपनी में काम करते थे और दस दिन पूर्व अपने माता-पिता से मिलने गांव आए थे। गुरुवार को वह दिन में गद्दोपुर स्थित अपने ननिहाल गए थे और रात में बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुर गांव के समीप अंबेडकर बाजार में सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई। हादसे में संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस उन्हें बिलरियागंज सीएचसी ले गई, जहां से हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दूसरी घटना भी गुरुवार की रात की है। अहरौला थाना क्षेत्र के पूरब पट्टी गांव निवासी 19 वर्षीय विकास मौर्य, जो क्षेत्र के एक विद्यालय में 12वीं के छात्र थे, बाइक से अपने मामा से मिलने सिधारी थाना क्षेत्र के चकनेवाल गांव जा रहे थे। जब वह कंधरापुर क्षेत्र के मुजफ्फपुर स्थित चंद्रमा ऋषि आश्रम के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी और फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल विकास को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
