रास्ते के विवाद में पार कर दी हैवानियत की हद, बालिका की हालत गभीर
आजमगढ़। आजमगढ़ के रौनापार थाना क्षेत्र के देवारा अचल नगर करता राम दुबे गांव में शुक्रवार की शाम रास्ते को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने आठ वर्षीय बालिका सीमा यादव पर हमला कर दिया। बालिका को मारपीट के बाद चाकू से घायल कर दिया गया, घायल सीमा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देवारा अचल नगर करता राम दुबे गांव निवासी राजीव यादव का कुछ लोगों से रास्ते को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। तीन-चार दिन पूर्व भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। शुक्रवार को घटना के समय राजीव घर पर मौजूद नहीं थे और उनकी पत्नी बाजार गई हुई थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने राजीव की बेटी सीमा यादव को निशाना बनाया। उन लोगों ने पहले सीमा को मारा-पीटा और जब इससे भी मन नहीं भरा तो उसके चेहरे पर चाकू मार दिया। गंभीर रूप से घायल सीमा को परिजन तत्काल अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर उसे आगे रेफर कर दिया गया। रौनापार थानाध्यक्ष मंतोष सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को मिल चुकी है, हालांकि अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
