भगवान श्रीराम के सत्य और असत्य पर विजय के सिद्धांत को जीवन में अपनायें-राजेन्द्र प्रसाद यादव, प्रबंधक
आजमगढ़। शनिवार को सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रांगण में दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि और विद्यालय के संस्थापक/प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव, निदेशिका श्रीमती कंचन यादव, प्रधानाचार्या श्रीमती बीना पी. उथुप ने राम दरबार की पुष्पार्चना और दीप प्रज्वलन के साथ किया।
लक्ष्मी-गणेश पूजा, अर्चना, और वंदना के बाद छात्रों ने रामायण पर आधारित भक्तिमय नृत्य नाटिका प्रस्तुत की, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, हाउस बोर्ड डेकोरेशन, दीया डेकोरेशन, और आकर्षक रंगोली प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली खुशियों का त्योहार है और भगवान श्रीराम के सत्य और असत्य पर विजय के सिद्धांत को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। निदेशिका श्रीमती कंचन यादव ने परंपराओं और संस्कृतियों के निर्वाह पर जोर देते हुए श्री राम के आदर्शों पर चलने की सलाह दी। प्रधानाचार्या श्रीमती बीना पी. उथुप ने भी छात्रों को सत्य और कर्मपरायणता के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर समस्त शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।


