आजमगढ़ : बाइक की टक्कर से दो महिलाओं की मौत

Youth India Times
By -
0

 








टहलते समय हुआ हादसा; परिवार में मचा कोहराम
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नैठी गांव में शनिवार देर शाम सड़क पर टहल रही दो महिलाओं को बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में मातम छाया हुआ है।
जानकारी मुताबिक, नैठी गांव निवासी चानमती देवी (60) पत्नी मतई राम और उनकी पड़ोसी सावित्री देवी उर्फ तालहिया (55) पत्नी सुदर्शन राजभर शनिवार की शाम सात बजे घर से दक्षिण की ओर सड़क पर टहल रही थीं। टुनटुन मोड़ से बाजार कर लौट रहे बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजन उन्हें तुरंत मुबारकपुर बाजार के एक डॉक्टर के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने चानमती देवी को मृत घोषित कर दिया। सावित्री देवी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन सावित्री को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। चानमती के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। जबकि सावित्री के तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। सावित्री के पति व एक पुत्र मुंबई में रहता है।
वहीं दूसरा पुत्र दिल्ली में नौकरी करता है। हादसे की खबर मिलते ही वे घर के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी शशि मौली पांडेय ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)