पंचायत चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका, सपा ने नपा चेयरमैन की कुर्सी जीतकर चौंकाया

Youth India Times
By -
0

 







उपचुनाव में इस सीट पर पांचवें स्थान पर खिसक गई भाजपा
सीतापुर। पंचायत चुनाव से पहले यूपी में भाजपा को झटका देते हुए सपा ने सीतापुर की महमूदाबाद नगर पालिका चेरयमैन की कुर्सी जीत ली है। भाजपा इस सीट पर पांचवें स्थान पर खिसक गई है। सीतापुर की ही मिश्रिख नैमिषारण्य अध्यक्ष की सीट हालांकि भाजपा के खाते में गई है। वहीं नगर पालिका परिषद के सदस्यों की सात सीटों में से चार सीटें निर्दलियों ने जीती हैं और तीन सीटें भाजपा ने जीती हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से उप चुनाव के नतीजे बुधवार को घोषित कर दिए गए। सपा प्रमुख यादव इस जीत से गदगद नजर आए। उन्होंने कहा कि यह जीत मनोबल बढ़ाने वाली है। भाजपा का 5वें नंबर पर आना उत्तर प्रदेश की भविष्य की राजनीति का सूचक है।
सीतापुर की नगर पालिका परिषद महमूदाबाद के अध्यक्ष पद पर सपा के प्रत्याशी आमिर अरफात ने जीत दर्ज की है। वहीं सीतापुर की ही मिश्रिख नैमिषारण्य नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद पर भाजपा की सीमा भार्गव ने जीत हासिल की है। मिश्रिख को लेकर सपा ने प्रशासन पर सत्ता के इशारे पर मतगणना में धांधली का आरोप लगाया है।
महमूदाबाद में हुए उपचुनाव में सपा प्रत्याशी आमिर अरफात ने 8825 मत पाकर जीत हासिल की। दूसरे स्थान पर निर्दलीय अतुल कुमार वर्मा रहे, जिन्हें 7989 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी संजय वर्मा को महज 1332 वोट प्राप्त हुए और वह पांचवें स्थान पर रहे। अन्य उम्मीदवारों में निर्दलीय अंबरीश गुप्ता को 452, नदीम अहमद को 1798 वोट मिले।
मिश्रिख-नैमिषारण्य में हुए मुकाबले में भाजपा की सीमा भार्गव ने सपा प्रत्याशी राम देवी को 2947 वोटों से हराया। सीमा भार्गव को 6512 वोट मिले, जबकि राम देवी को 3365 वोट प्राप्त हुए। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी आकांक्षा वर्मा को 56, रामकली को 19, सुमन देवी को 447 वोट मिले। छह मतदाताओं ने ‘नोटा’ का विकल्प चुना। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई और तीन चरणों में पूरी हुई। जीत के बाद सीमा भार्गव ने कहा कि यह जनता के विश्वास की जीत है और वह क्षेत्र के विकास के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगी।
अमरोहा की नगर पालिका परिषद धनौरा वार्ड संख्या 16 के सदस्य पद पर भाजपा की दयावती, कन्नौज की नगर पालिका परिषद गुरसहायगंज वार्ड नंबर तीन के सदस्य पद पर भाजपा की गीता देवी, कन्नौज की ही नगर पालिका परिषद छिबरामऊ वार्ड संख्या-23 के सदस्य पद पर भाजपा पंकज कुमार दुबे, बागपत की नगर पालिका परिषद खेकड़ा वार्ड नंबर पांच में सदस्य पद पर निर्दलीय मीता, बिजनौर की नगर पालिका परिषद चांदपुर वार्ड संख्या 16 के सदस्य पद पर निर्दलीय प्रशांत कुमार गर्ग, महाराजगंज की नगर पंचायत घुघली वार्ड संख्या-11 के सदस्य पद पर निर्दलीय बबिता यादव और शाहजहांपुर की नगर पंचायत खुटार वार्ड संख्या नौ के सदस्य पद पर निर्दलीय विनय कुमार ने जीत दर्ज की है। बीते 11 अगस्त को इन सीटों पर मतदान हुआ था।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)