अयोध्या : अयोध्या के देवकाली बाईपास के पास गौरी शंकर पैलेस होमस्टे में रविवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। देवरिया के 22 वर्षीय आयुष कुमार गुप्ता ने अपनी प्रेमिका अरोमा को पिस्टल से गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। दोनों के शव कमरे के बेड पर पाए गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी के अनुसार, आयुष कुमार गुप्ता (निवासी: आचार्य रामचंद्र शुक्ला नगर, भुजौली, देवरिया) रविवार सुबह करीब 10:10 बजे अपनी प्रेमिका अरोमा (निवासी: गाजीपुर, दरियाबाद, बाराबंकी) के साथ गौरी शंकर पैलेस होमस्टे में पहुंचा था। दोनों ने द्वितीय तल पर कमरा नंबर 103 लिया। दोपहर 12:32 बजे तक आयुष कमरे के बाहर देखा गया, इसके बाद कमरा बंद हो गया।
शाम करीब पांच बजे वेटर ने चाय लेकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। होमस्टे मालिक को सूचना दी गई, जिसके बाद कोतवाली अयोध्या पुलिस को बुलाया गया। सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने शिक्षक नेता विश्वनाथ सिंह की मध्यस्थता से परिजनों से संपर्क किया। वीडियोग्राफी के बीच कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। कमरा खुलते ही अंदर का मंजर देखकर सभी स्तब्ध रह गए। आयुष का शव बेड पर दक्षिणी दिशा में और अरोमा का शव पश्चिमी दीवार के पास पड़ा था। दोनों के माथे पर गोली के निशान थे, जो सटाकर मारी गई थी। आयुष के घुटने के नीचे एक पिस्टल और दो कारतूस मिले। बेड और कमरे में खून बिखरा था। प्रारंभिक जांच में लगता है कि आयुष ने पहले अरोमा को गोली मारी और फिर खुद को शूट किया। अरोमा की पहचान बसपा जिलाध्यक्ष केके रावत की पुत्री के रूप में हुई। वह अयोध्या में नर्सिंग का कोर्स कर रही थी और दो जुलाई को घर से अयोध्या के लिए निकली थी। उसकी पहचान उसके मामा धीरेंद्र कुमार (हरदोई में हेड कांस्टेबल) ने की। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि कमरा अंदर से बंद था, इसलिए तीसरे व्यक्ति की संलिप्तता की संभावना नहीं है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। दोनों परिवारों को बुलाया गया है और चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वीडियोग्राफी और स्वतंत्र साक्षियों के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।







