आजमगढ़ : मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सठियांव में तैयारियां जोरों पर

Youth India Times
By -
0

 







भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 12 हजार पौधों का किया जाएगा रोपण
आजमगढ़। आगामी 9 जुलाई को बृहद वृक्षारोपण महा अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सठियांव विकास खंड के केरमा गांव में प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और कार्यकर्ताओं से भारी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
केरमा गांव में यूपीडीए की भूमि पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा 12 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान ध्रुव सिंह ने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की सफलता के लिए सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को साकार करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आजमगढ़ में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। हाल ही में एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन हुआ और अब यह वृक्षारोपण कार्यक्रम न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगा, बल्कि भविष्य में रोजगार के अवसर भी सृजित करेगा।"
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के बाद एक जनसभा भी होगी, जिसमें जनपद के गांव-गांव से लगभग 25 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। क्षेत्र में गहमागहमी का माहौल है, और अधिकारी-कर्मचारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अरबिंद सिंह, जहानागंज ब्लॉक प्रमुख रमेश कन्नौजिया, जिला मंत्री बिभा बरनवाल, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष निखिल राय, पूर्व मंडल अध्यक्ष दुर्गेश सिंह, सौदागर भारती, अरबिंद प्रजापति, अरुण राय, जूठन चौधरी सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)