दरोगा ने भाजपा कार्यकर्ता को थाने में पीटा

Youth India Times
By -
0

 







बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंचे, जमकर की नारेबाजी, कार्रवाई की मांग
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के धनपतगंज थाना परिसर में रविवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय गुप्ता ने भाजपा कार्यकर्ता प्रमोद मिश्रा की कथित तौर पर जमकर पिटाई की। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंचे और दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। देर शाम पुलिस अधीक्षक ने उपनिरीक्षक विजय गुप्ता को निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अतरसुमा कला गांव निवासी प्रमोद मिश्रा रविवार दोपहर किसी कार्य से धनपतगंज थाने गए थे। आरोप है कि वहां मौजूद उपनिरीक्षक विजय गुप्ता ने उन्हें देखते ही गालियां देना शुरू कर दिया। जब प्रमोद ने इसका विरोध किया, तो दरोगा ने दो अन्य सिपाहियों के साथ मिलकर उनकी पिटाई शुरू कर दी। थाना परिसर में ही कार्यकर्ता को गिराकर मारपीट की गई। बताया जाता है कि प्रमोद किसी तरह वहां से जान बचाकर भागे, लेकिन दरोगा ने उन्हें दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण यादव मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। उधर, पिटाई की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोश जताया। पीड़ित प्रमोद मिश्रा ने दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर दी।
थाना प्रभारी प्रवीण यादव ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले से पुलिस अधीक्षक को अवगत करा दिया गया है। देर शाम पुलिस अधीक्षक ने उपनिरीक्षक विजय गुप्ता को निलंबित कर दिया। इस घटना ने स्थानीय स्तर पर खासी चर्चा बटोरी है और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)