आजमगढ़ : शादी समारोह में फूड प्वाइजनिंग, 40 लोगों की हालत बिगड़ी

Youth India Times
By -
0

 







शादी वाले घर में मची अफरातफरी, पहुंची मेडिकल टीम
आजमगढ़। जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव में बुधवार रात एक शादी समारोह में फूड प्वाइजनिंग के कारण करीब 40 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। दया शंकर यादव की बेटी की शादी में निजामाबाद थाना क्षेत्र के चकिया दुबे रामपुर से संतोष यादव के बेटे की बारात आई थी। द्वारचार के बाद बारातियों और घरातियों को छेना मीठा, नमकीन और ठंडा पेय पदार्थ परोसा गया। कुछ देर बाद क्रीम मीठा खाने वालों को बेचैनी, उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई, जिससे शादी वाले घर में अफरातफरी मच गई।
प्रभावित लोगों को तत्काल मेंहनगर के निजी अस्पताल और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वधू पक्ष के संदीप यादव ने बताया कि मीठा घर पर बनाया गया था, जिसके सेवन से कुछ लोगों को फूड प्वाइजनिंग की शिकायत हुई। हालांकि, इलाज के बाद सभी स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं और शादी भी सकुशल संपन्न हो गई।
ग्राम प्रधान अम्बिका यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे जिला अस्पताल पहुंचे, जहां करीब 15 बाराती भर्ती थे। कुछ घरातियों को ग्लूकोस चढ़ाया गया। अब सभी लोग ठीक हैं। मेंहनगर थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने बताया कि इस संबंध में कोई औपचारिक सूचना या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)