आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदपट्टी में बीती रात गायब पशु का शनिवार को अवशेष मिलने से लोगों में आक्रोश उत्पन्न हो गया। अवशेष मिलने सूचना की सूचना पर हलकान पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गयी। स्थानीय लोगों द्वारा ऐसा कृत्य करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग पुलिस प्रशासन से की गई।
जानकारी के अनुसार चांदपट्टी गांव निवासी सुक्खू के गाय का बछड़ा रात में गायब हो गया था। शनिवार को चांदपट्टी गांव के ही पास कुछ दूरी पर बछड़े का अवशेष देखा गया। इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश उत्पन्न हो गया। मौके पर काफी लोग इकट्ठा हो गये। ग्रामीणों ने इस मामले की सूचना रौनापार पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रौनापार थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये और जांच पड़ताल में जुट गये। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग किया कि जिसने भी यह कृत्य किया है उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाय।
वहीं पर पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पशु डॉक्टर इमामुद्दीन ने बताया कि मौके पर पहुंच कर बचे पशु के अवशेष व खून का सैंपल ले लिया गया है। पशुपालक की पत्नी कमला देवी ने थाने में बछड़ा को अज्ञात लोगों द्वारा ले जाकर काटने का तहरीर दिया है। थाना अध्यक्ष रौनापार अनुपम जायसवाल ने बताया कि पशुपालक की पत्नी कमला देवी द्वारा तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।