आजमगढ़ : पुलिस व राजस्व टीम के सामने जमकर चले लाठी-डंडे

Youth India Times
By -
0



दोनों पक्षों से कई लोग हुए घायल, मुकदमा दर्ज
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के दत्तापुर गांव में पुलिस और राजस्व टीम के सामने ही दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। कुछ लोगों के सिर भी फूट गए। मारपीट की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर संबंधित के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच करने में जुटी हुई है। पवई थाना क्षेत्र के दत्तापुर गांव निवासी विवेक कुमार ने थाने में तहरीर दी है। आरोप लगाया कि उसके पड़ोसी राजनरायन, विजय नरायन, अजय नरायन, हृदय नरायन, प्रदीप, संदीप राजन बीते 27 जनवरी की शाम करीब चार बजे लेखपाल को लेकर उसकी जमीन पर कब्जा कर रहे थे। पीड़ित पक्ष ने इसका विरोध किया तो ये लोग एक साथ मिलकर लाठी-डंडे से मारने-पीटने लगे। इसमें विवेक, उसके पिता माधव प्रसाद उपाध्याय और राजेश को काफी चोटें लगीं। इतना ही नहीं जान से मारने की धमकी देकर वे लोग भाग गए। वहीं, दूसरे पक्ष से अजय नारायण उपाध्याय ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोप था कि वह अपनी भूमिधरी को गांव व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के सामने पैमाइश कराई गई थी। विपक्षी माधव प्रसाद व अन्य ने लेखपाल द्वारा गाड़े गए खूटे को उखाड़ दिए। शुक्रवार को मौके पर पुलिस बल और लेखपाल के सामने जब पैमाइश के संबंध में चर्चा कर रहे थे। उसी समय विपक्षी माधव प्रसाद, प्रवीण कुमार, विवेक कुमार, विनोद कुमार व मनोज कुमार ने अजय नारायण उपाध्याय को जान से मारने की नियत से घर से जबरन घसीट लाए व जदुवंश, रामसुंदर व राजेश, नीलम ने लाठी सरिया कुल्हाड़ी मनोज प्रवीण व विवेक को दिए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच में जुट गई है। मारपीट की इस घटना में एक पक्ष से माधो उपाध्याय और राजेश उपाध्याय तो दूसरे पक्ष से अजय नारायण उपाध्याय और राज नारायण उपाध्याय का सिर फूटा है।
थानाध्यक्ष पवई अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दत्तापुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच पड़ताल की जा रही है। वहीं, दो लोगों को जेल भेजा जा चुका है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)