आजमगढ़: भाजपा ने जनता के विश्वास के साथ किया धोखा-धर्मेन्द्र

Youth India Times
By -
0
सपा सांसद ने कहा अखिलेश यादव के एजेंडा को जनता ने किया स्वीकार
भगवान राम ने भी बता दिया कि किसको कौन लाया है-सपा सांसद

आजमगढ़। आजमगढ़ लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के नवनिर्वाचित सांसद धर्मेन्द्र यादव ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह जनता की जीत है। नेताजी ने आजमगढ़ के विकास की बुनियाद रख दिया था, जिसे अखिलेश यादव ने आगे बढ़ाया, उसे और आगे बढ़ाया जाएगा। सपा सांसद धर्मेन्द्र यादव ने बताया कि जिले में भ्रमण के दौरान देखा कि देवारा में गंभीर समस्या है उसका समाधान किया जाएगा। चुनाव अभियान के दौरान यह भी महसूस किया कि जीयनपुर में सबसे अधिक जाम की समस्या है। जहां भी समस्या होगी वहां पर काम किया जाएगा। भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए सपा सांसद ने कहाकि भाजपा के लोगों ने जनता को धोखा देने का काम किया है। 2014 से लेकर 2024 तक भाजपा का यह पांचवा चुनाव है। पांचों चुनाव में जनता को गुमराह करने की कोशिश की गई। देश की जनता को 2014 में लगा कि नरेन्द्र मोदी गुजरात से आए हैं। जनता ने उन पर भरोसा किया। यही कारण है कि जब महंगाई कम करने की बात कही और देश नहीं बिकने दूंगा की बात कही तो देश की जनता ने भरोसा किया लेकिन आज एक बात स्पष्ट हो गई है कि भाजपा के लोग जो कहते हैं उसके उल्टा चलते हैं। जो पर्दा पड़ा हुआ था इस लोकसभा के चुनाव में सब जनता के समझ में आ गया। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने जो एजेंडा सेट किया उस पर जनता ने भरोसा किया। आजमगढ़ की सरजमी ने देश की आजादी से लेकर अब तक एक से एक लोगों को निर्वाचित किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आभार और धन्यवाद देता हूं। नेताजी ने अपने पूरे जीवन में आजमगढ़ की सेवा की, इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसे अपना दूसरा घर माना है। किसी जिले में इतनी ऐतिहासिक और अनुभवी सरजमी नहीं है। सपा सांसद धर्मेन्द्र यादव ने कहाकि पूर्वांचल की हार को लेकर अयोध्या के लोगों को धन्यवाद देता हूं। भगवान राम की मर्यादाओं को तोड़ने का काम भाजपा के लोगों ने किया। भाजपा ने कहा भगवान राम को हम लाए हैं। भगवान राम भी इस बार नाराज हो गए। यही कारण है कि भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा और भाजपा अयोध्या की सीट भी हार गई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)