आजमगढ़: जयमाल के बाद दूल्हे ने दुल्हन के भाई को पीटा

Youth India Times
By -
0
दुल्हन ने शादी से किया इनकार, दोनों पक्ष पहुंचा थाने


आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र में डीजे बजाने के दौरान हुए विवाद के बाद दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन पक्ष द्वारा पुलिस को सूचना दी गयी, पुलिस द्वारा काफी मान-मनौव्वल की कोशिश की गयी लेकिन दुल्हन ने सीधे तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया। पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने चली गयी। जानकारी के अनुसार सिधारी थाना क्षेत्र के एक गांव में बीती शाम एक बारात गई थी। लड़की पक्ष के अनुसार शादी समारोह स्थल से कुछ दूरी पर बारातियों द्वारा डीजे पर डांस को लेकर मारपीट शुरू हो गयी उस समय किसी तरह मामले को शांत कराकर बारात को मैरेज हाल तक ले जाया गया, वहां पर भी बारातियों द्वारा डीजे बजाकर डांस करना शुरू कर दिया गया, जब मैरेज हाल के मालिक द्वारा यह बताया गया कि 10 बजे के बाद डीजे नहीं बजाने का आदेश है इसलिए डीजे को बंद करवा दिया जाय। शराब के नशे में धुत बारातियों ने फिर विवाद शुरू कर दिया। किसी तरह मामले को शांत करवाकर जयमाल की प्रक्रिया पूरी की गई। जयमाल के बाद दुल्हन स्टेज से घर में चली गई। विवाह की तैयारियां शुरू कर दी गयी। इस दौरान अचानक दूल्हे ने दुल्हन के भाई को अनाब-शनाब बोलते उसे मारना-पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद फिर विवाद जैसी स्थिति उत्पन्न हो गयी। भाई के साथ घटी मारपीट की घटना से दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन ने बताया कि आज समूह के बीच जब दूल्हे द्वारा ऐसे कृत्य को अंजाम दिया जा रहा है तो शादी के बाद मेरे साथ किसी भी तरह की घटना को अंजाम दिया जा सकता है। दुल्हन पक्ष द्वारा पुलिस को फोन कर मौके पर बुला लिया गया। पुलिस द्वारा काफी देर तक दुल्हन पक्ष को शादी के लिए समझाया गया लेकिन दुल्हन द्वारा सीधे तौर मना करने पर शादी नहीं हो पायी। पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने आ गयी, थाने में लड़की पक्ष ने शादी में हुए खर्च की मांग की। खबर लिखे जाने तक संभ्रान्त लोगों द्वारा मामले को लेकर थाने में पंचायत की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)