यूपी में भीषण ठंड के बीच तीन दिन बारिश

Youth India Times
By -
0
इस इलाके को ज्यादा भिगोएंगे बदरा
लखनऊ। यूपी में एक तरफ भीषण ठंड पड़ रही है। दूसरी तरफ मौसम विभाग ने बारिश की भविष्यवाणी की है। अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार तीन जनवरी से शुक्रवार पांच जनवरी के बीच उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश होने या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। राज्य में इन तीन दिनों के दरम्यान एक या दो स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी भी जारी की गई है। प्रदेश में एक या दो स्थानों पर धूप नहीं निकलेगी यानि कोल्ड डे रहेगा। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर पूर्व बिहार के ऊपर एक चक्रवातीय दबाव बना हुआ है। इसी तरह का एक दबाव हरियाणा और आसपास भी केन्द्रित है। उत्तर प्रदेश के मध्य भाग में दक्षिण पश्चिम मध्य प्रदेश तक एक ट्रफ लाइन भी बनी हुई है। इस वजह से प्रदेश में छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटों के दौरान कानपुर, बरेली, मुरादाबाद, मेरठ मंडलों में दिन का तापमान सामान्य से बहुत कम दर्ज किया गया। अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, मुरादाबाद, आगरा और मेरठ मण्डलों में भी दिन का तापमान सामान्य से कम रहा। मेरठ मण्डल में रात का तापमान भी सामान्य से काफी कम रहा। इस अवधि में प्रदेश में सबसे कम रात का तापमान शाहजहांपुर में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक या दो स्थानों पर शीतलहर का असर रहा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)