छापा डालने साथ गई महिला सिपाही के साथ दरोगा ने की बदसलूकी

Youth India Times
By -
0
एसएसपी ने दरोगा को किया सस्पेंड, जांच का आदेश

गोरखपुर। गोरखपुर में एक महिला सिपाही के साथ दरोगा ही बदसलूकी करने लगा। महिला सिपाही, दरोगा के साथ दबिश पर दूसरे जिले में गई थीं। इसी दौरान दरोगा ने उनके साथ बदसलूकी की। महिला सिपाही की शिकायत पर एसएसपी ने दरोगा को सस्पेंड कर जांच बिठा दी है। गोरखपुर पुलिस में इस घटना की काफी चर्चा है। सीओ की रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने दरोगा को सस्पेंड किया है। यदि आगे की जांच में भी मामला सही पाया जाता है तो दरोगा के खिलाफ और सख्त कार्रवाई हो सकती है।
मामला गोरखपुर के सिकरीगंज थाने का है। आरोप है कि यहां तैनात एक महिला सिपाही के साथ थाने के ही एक दरोगा ने बदसलूकी की। सिकरीगंज इलाके में महिला अपराध से जुड़े एक मामले में पिछले दिनों थाने पर तैनात दरोगा सरवर आलम दो महिला कांस्टेबल के साथ दबिश देने दूसरे जिले में गए थे। आरोप है कि दरोगा ने इस दौरान महिला कांस्टेबल के साथ बदसलूकी की। महिला कांस्टेबल ने इसकी शिकायत थानेदार से की थी। थानेदार के बाद मामला सीओ तक पहुंचा और फिर एसएसपी तक। एसएसपी ने सीओ की रिपोर्ट के आधार पर बुधवार देर रात दरोगा सरवर आलम को निलम्बित कर दिया। दरोगा के निलंबन के बाद उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि यदि मामला सही पाया जाता है तो दरोगा के खिलाफ आगे और सख्त कार्रवाई हो सकती है।
पुलिस महकमे में इस घटना की चर्चा है। हाल के वर्षों में महकमे में महिला कर्मियों की तादाद बढ़ी है। पुरुष पुलिसकर्मियों की तरह महिला पुलिसकर्मी भी अपराध नियंत्रण में बढ़चढ़ कर योगदान दे रही हैं। इससे समाज में महिलाओं की स्थिति मजबूत हो रही है। पहले के मुकाबले थानों पर अपनी शिकायत लेकर जाना और न्याय के लिए आवाज उठाना महिलाओं के लिए आसान हुआ है। लोगों का कहना है कि ऐसे में यदि महिला पुलिस कर्मी के साथ कोई साथी पुलिसकर्मी ही बदसलूकी करे तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी ही चाहिए।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि सिकरीगंज थाने पर तैनात उप निरीक्षक सरवर आलम को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिये गए हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)