लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में बागियों की घर वापसी

Youth India Times
By -
0
दर्जन भर नेताओं को डिप्टी सीएम ने पुनः दिलाई भाजपा की सदस्यता
लखनऊ। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने अपने बागियों की घरवापसी का सिलसिला शुरू कर दिया है। निकाय चुनाव में टिकट न मिलने पर बगावत का झंडा बुलंद करने वाले लखनऊ के कई पार्टी नेताओं ने सोमवार को फिर भाजपा में वापसी कर ली। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भाजपा मुख्यालय में इन लोगों को फिर पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसके अलावा पूर्व डीआईजी सहित अन्य दलों व सामाजिक संगठनों के कई नेताओं ने भी भाजपा का दामन थामा। घरवापसी करने वालों में लखनऊ नगर निगम के पूर्व पार्षद सुरेश अवस्थी, दिलीप श्रीवास्तव, अमित मौर्य, सुभाषिनी मौर्या, अनुराग पाण्डेय, सुनील शुक्ला, रामू सान्याल, अखिलेश गिरि शामिल थे। वे समर्थकों सहित फिर भाजपा में शामिल हो गए। लखनऊ के नेताओं की घर वापसी ने प्रदेश के अन्य जिलों में बागी होने वालों की वापसी का रास्ता भी साफ कर दिया है। इनके अलावा पूर्व पुलिस उप महानिरीक्षक हरीश कुमार, पूर्व सैनिक विपिन कुमार दुबे, प्रगतिशील व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष सुग्रीव मौर्य, लखनऊ बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष सिद्धार्थ आनंद, संजय पाण्डेय, मौलाना इलियास सहाय नदवी, समाजवादी पार्टी के नगर सचिव दिपेन्द्र सिंह दीपू, पार्षद अशोक कुमार उपाध्याय, पूर्व पार्षद सगीर खान, पूर्व पार्षद अमित सोनकर तथा संतोष कुमार सिंह ने भी समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व मे भाजपा सरकार गरीबों, वंचितों, शोषितों सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए बिना भेदभाव के काम कर रही है। उन्होंने कहा कि 2014 में केन्द्र में मोदीजी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद गरीब कल्याण के संकल्प के साथ जनहित के जितने कार्य हुए, उतने पहले कभी नहीं हुए। आज भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग भाजपा के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने भाजपा की सदस्यता लेने वाले नेताओं और उनके समर्थकों का स्वागत करते हुए कहा सभी को 2024 में फिर से केन्द्र में भाजपा सरकार बनवाने का संकल्प दिलाया। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर, प्रदेश महामंत्री व अवध क्षेत्र के प्रभारी संजय राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, महापौर सुषमा खरकवाल, विधायक नीरज बोरा और नीरज सिंह सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)