अधिकारियों के सामने ही ट्रैक्टर चढ़ाकर मार डाला, दो महिला कांस्टेबल घायल

Youth India Times
By -
0
भूमि विवाद में देवरिया के बाद दूसरा सनसनीखेज मामला

फिरोजाबाद। यूपी के देवरिया में जमीन विवाद में सोमवार को ही एक ही परिवार के पांच लोगों समेत छह की हत्या कर दी गई। भूमि विवाद में ही अब फिरोजाबाद में अधिकारियों के सामने ही ट्रैक्टर चढ़ाकर एक बुजुर्ग की जान ले ली गई। वारदात में कई पुलिस वाले घायल हुए हैं। कुछ को गंभीर चोट लगी है। सनसनीखेज वारदात की खबर लगते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल आरोपी फरार हो गए हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। घटना थाना नारखी के गांव कायथा में हुई है। बताया जाता है कि गांव के जगदीश ने नीलामी में एक जमीन खरीदी थी। इसी पर कब्जा दिलाने के लिए तहसील से राजस्व विभाग और पुलिस की टीमें पहुंची थीं। इसी दौरान जमीन पर अपना कब्जा बताते हुए कुछ लोगों ने विरोध किया। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। ट्रैक्टर की चपेट में आने से जगदीश की मौत हो गई। घटना में दो महिला कांस्टेबल कोमल और राधारानी भी घायल हो गई हैं। घायल सिपाही ने बताया कि हम लोग भूमि विवाद में गए थे। वहां महिलाएं दुर्व्यवहार कर रही थीं। वह मान नहीं रही थीं। इस पर हम लोगों ने महिलाओं को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसी बीच उनकी तरफ से एक युवक ट्रैक्टर लेकर आया और गाड़ी में तेजी से टक्कर मारी। ट्रैक्टर को पीछे करके दो बार टक्कर मारी। हम लोग नीचे गिर गए। इसके बाद उसने ट्रैक्टर पीछे करके हम लोगों पर चढ़ा दिया। जो लोग साथ में थे उन्हें बहुत चोट लगी है। सभी को चोट लगी है। बताया कि चार-पांच पुलिस वाले घायल हुए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि जगदीश दिल का मरीज था और उसकी हार्टअटैक से मौत हुई है। वहीं, पुलिस पर ट्रैक्टर चढ़ाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सूचना के बाद उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। एसपी सिटी, एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंचे हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)