आजमगढ़ : देवी दरबार के समक्ष कन्यारुपी देवियों ने डांडिया नृत्य कर शक्ति स्वरूपा को रिझाया

Youth India Times
By -
0
शहर के मातबरगंज स्थित शिवा स्पोर्ट्स क्लब पंडाल पर देर रात तक चला आयोजन
रिपोर्ट : वेद प्रकाश सिंह 'लल्ला'

आजमगढ़। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर शक्ति स्वरूपा देवी दुर्गा की आराधना एवं मूर्ति पूजा की धूम रहती है। इस बार भी जिले में चहुंओर आयोजन समितियों द्वारा भव्य पांडाल में देवी दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजन अर्चन का दौर जारी है। सभी जगहों पर दुर्गा पूजा के आयोजन से पूरा वातावरण धर्म मय हो चला है। महा अष्टमी के दिन छोटी- बड़ी लगभग सभी जगहों पर पूजा पंडालों में दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना संपन्न हो गई। पंडालों को आकर्षक रूप देने की होड़ मची हुई है। शाम ढलते ही पूजा पंडालों और उसके आसपास की गई आकर्षक विद्युत झालरों की सजावट दर्शनार्थियों का मन मोहने के लिए काफी हैं। हर जगह अपने पूजा पंडालों को आकर्षक रूप देने के लिए युवाओं में गजब का उत्साह देखते बन रहा है। ऐसे में कर्ण प्रिय धार्मिक देवी गीतों की धुन लोगों को थिरकने के लिए मजबूर कर रहे हैं। ऐसे में सांस्कृतिक आयोजनों के लिए विख्यात शहर के मातबरगंज स्थित शिवा स्पोर्ट्स क्लब के कार्यकर्ताओं ने इस बार भी कुछ अलग अंदाज में पूजा कार्यक्रम को भव्यता देने के लिए डांडिया नृत्य का आयोजन किया। जिसमें इलाके की सैकड़ों कन्याओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। आकर्षक परिधान में सजी बालिकाओं का डांडिया नृत्य देख लग रहा था मानो इन बच्चियों का उत्साह बढ़ाने के लिए मां दुर्गा स्वयं उनके साथ झूम कर नृत्य करते हुए उनके बीच उपस्थित रही हों। देर रात तक चले इस आयोजन का शहर वासियों ने जमकर आनंद लिया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)