आजमगढ़: मायके जा रही महिला का जेवर हुआ चोरी

Youth India Times
By -
0
पीड़िता ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
रिपोर्ट-शाह आलम फराही


आजमगढ़। ससुराल से विदा होकर आटो से मायके जा रही विवाहिता को गुरूवार की रात रास्ते में मिली दो महिलाएं यात्री बन कर बैठीं और बैग में रखे जेवरात पर हाथ साफ कर रास्ते में उतर गईं। पीड़ित द्वारा अज्ञात महिलाओं के खिलाफ निजामाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बता दें कि सरायमीर थाना क्षेत्र के ग्राम टिकरिया नंदाव निवासी लालबहादुर यादव शुक्रवार को रानी की सराय क्षेत्र के जगन्नाथ सराय गांव में ब्याही पुत्री सोनी के घर अपना आटोरिक्शा लेकर बेटी की विदाई कराने गए थे। रात करीब नौ बजे वह बेटी की विदाई कराकर वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में फरिहां बाजार में वह आटो रिक्शा खड़ा कर मिष्ठान खरीदने दुकान पर चले गए। उसी समय दो महिलाएं आईं और आटो में बैठी सोनी से पूछा कि क्या यह आटो संजरपुर की ओर जाएगा। सोनी के हां कहने पर दोनों वाहन में सवार हो गईं। यात्रा के दौरान दोनों महिलाएं बगल में रखे बैग को टटोला और उसमें रखे विवाहिता के जेवर पर हाथ साफ कर रास्ते में छांऊ मोड़ पर उतर गईं। पिता -पुत्री के घर पहुंचने पर जब बैग रखे जेवरों के गायब होने की जानकारी हुई तो लालबहादुर तत्काल अपने वाहन से फरिहां बाजार आए और महिलाओं के बारे में कोई जानकारी न मिलने पर इसकी जानकारी पुलिस के डायल 112 नंबर पर दी। पुलिस पीड़ित को लेकर रात में निजामाबाद थाना पहुंची और पीड़ित पक्ष की तहरीर पर अज्ञात महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)