आजमगढ़: पदयात्रा के साथ मनी भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ

Youth India Times
By -
0

भारत जोड़ो यात्रा ने दिया आपसी प्रेम सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश-मनोज कुमार गौतम
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’

आजमगढ़। देश के दक्षिणी छोर कन्याकुमारी से बीते वर्ष सात 7 सितंबर को शुरू की गई कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कांग्रेसियों ने अपने नेता राहुल गांधी के प्रेम- सद्भाव व भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से शहर क्षेत्र में पदयात्रा निकाली। यात्रा का नेतृत्व जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने किया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं डा० भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। पदयात्रा कलेक्ट्रेट क्षेत्र का भ्रमण कर रैदोपुर, डीएवी कालेज, कालीचौरा होते हुये एलवल स्थित पीसीसी सदस्य सुमन कुमार सिंह के आवास पर पहुंचकर संपन्न हुई। जहां सुमन कुमार सिंह की अध्यक्षता में सभा आयोजित की गई जिसका संचालन जिला महासचिव अजीत राय ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश कमेटी के सचिव मनोज कुमार गौतम शामिल रहे। अपने संबोधन में प्रदेश सचिव मनोज कुमार गौतम ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने देशवासियों को आपसी प्रेम सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश देने के लिये 7 सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा आरंभ की थी जो 12 राज्यों दो केंद्र शासित प्रदेशों 75 जिलों एवं 76 लोकसभा क्षेत्रों से होते हुए कश्मीर पहुंच कर समाप्त हुयी। इस दौरान उन्होंने करोडों देशवासियों को प्रेम सद्भाव का संदेश दिया और देशवासियों के साथ विचारों का आदान- प्रदान किया। जिसके परिणामस्वरूप देश की जनता अब ज्वलंत मुद्दों जैसे मंहगाई व बेरोजगारी पर चर्चा करने लगी है। देश की जनता सभी मुद्दों पर विफल रही बीजेपी सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है। अपने अध्यक्षीय संबोधन में पीसीसी सदस्य सुमन कुमार सिंह ने कहा भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने 100 छोटी सभायें 13 विशाल सार्वजनिक सभायें 12 प्रेस कांफ्रेस कर करोड़ों देशवासियों को मुहब्बत का पैगाम दिया। देश के ज्वलंत मुद्दों पर आमजन से सीधा संवाद कर उनके विचारों को जाना। भारत जोड़ो यात्रा का ऐसा असर हुआ कि बीजेपी की नफरत की दूकान का शटर गिरने लगा है। बीजेपी को सत्ता जाने का डर सता रहा है जिससे बीजेपी बौखलाहट में विपक्ष को ईडी सीबीआई से डराने का कुचक्र रच रही है। लेकिन विपक्ष अब डरने और रूकने वाला नहीं है। पदयात्रा में मनोज कुमार सिंह, नजम शमीम,रमेश राजभर, बेलाल अहमद, मुन्नू यादव, जगदम्बिका चतुर्वेदी, अरविंद पाण्डेय, रीता मौर्य, राजबली राम, राजाराम यादव, तेजबहादुर यादव, दिनेश यादव, शीला भारती, मुन्नू मौर्य, सीमा भारती, अंजली पाण्डेय, अशोक सिंह, सहित तमाम लोग शामिल रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)