आजमगढ़: लावारिसों के संग ‘प्रयास’ ने मनाया रक्षाबंधन पर्व

Youth India Times
By -
0
आत्मीयता देख छलक पड़े बुजुर्ग मरीजों के आंसू
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। इंसानियत आज भी जिंदा है और इसकी मिशाल गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर जिला अस्पताल के लावारिस वार्ड में देखने को मिली। पूरा देश भाई- बहन के अटूट प्यार को कायम रखने के लिए परंपरागत त्यौहार रक्षाबंधन मना रहा था। उसी समय बहनों से अपनी कलाई में रक्षा सूत्र बंधवा कर कुछ अलग करने की सोच को चरितार्थ करने के लिए समाजसेवी संगठन प्रयास के सदस्य फल और मिष्ठान के साथ अस्पताल के लावारिस वार्ड में पहुंच गए। सर्वप्रथम उस वार्ड में भर्ती मरीजों का कुशलक्षेम पूछने के उपरांत प्रयास संगठन से जुड़े लोगों ने मरीजों को रक्षाबंधन पर्व की बधाई देते हुए उनके हाथों में अपने साथ लाए गए बिस्कुट , पानी की बोतल, फल और मिठाईयों को बांटने लगे। उनकी आत्मीयता देख डबडबाई आंखों में अश्रुधार समेटे कांपते हाथों से इस पवित्र पर्व के मौके पर मिलने वाले उपहार को पाकर लावारिस वार्ड में भगवान भरोसे छोड़ दिए गए लोगों ने जर्जर काया में अलग उर्जा का संचार महसूस किया। बेसहारा लोगों के बीच संस्था का यह पूनीत कार्य देख वहां मौजूद लोग भी प्रयास के इस काबिले-तारीफ प्रयास की सराहना करते नजर आए। इस संबंध में प्रयास संगठन के अध्यक्ष रणजीत सिंह ने बताया कि जहां आपका दर्द है, वहीं हमारा फर्ज है। जो आपकी पीड़ा है,उसी ने हमारा दिल चीरा है इस भाव को मन में संजोए सेवा के संकल्प को गति प्रदान करने के उद्देश्य से संगठन के साथियों ने आज रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मंडलीय चिकित्सालय के लावारिस वार्ड में भर्ती मरीजों को मिष्ठान फल फ्रूट पानी बिस्किट आदि वितरित करके उनके चेहरे पर खुशियां लाने का प्रयास किया है। इस मौके पर राणा बलवीर सिंह, राजीव कुमार शर्मा, शंभू दयाल सोनकर, रोहित गोयल आदि लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)