आजमगढ़ : जिले में पहुंची भारत भ्रमण पर निकली महिला यात्री

Youth India Times
By -
0

जहानागंज में पुलिस परिवार के स्वागत से अभिभूत दिखीं आशा
रिपोर्ट : वेद प्रकाश सिंह 'लल्ला'
आजमगढ़। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण अभियान की शुरुआत करते हुए महिलाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पिछले वर्ष नवंबर माह में मध्यप्रदेश के भोपाल शहर से साइकिल द्वारा भारत भ्रमण पर निकलीं महिला साइकिल यात्री आशा मालवीय शनिवार को जिले में पहुंचीं। जनपद के जहानागंज थाने पर पहुंची महिला यात्री का पुलिस परिवार एवं क्षेत्र के प्रबुद्धजनों द्वारा अभूतपूर्व स्वागत किया गया। अपने स्वागत से अभिभूत महिला यात्री ने सभी को धन्यवाद देते हुए आभार जताने के साथ कहा कि यहां के लोग जीवनपर्यंत हमारी स्मृतियों में जिंदा रहेंगे। अपनी यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए महिला यात्री आशा मालवीय ने बताया कि मैं मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में नाटाराम गांव की मूल निवासी होने के साथ ही राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी तथा पर्वतारोही भी रही हूं।महिलाओं को अपनी सुरक्षा तथा सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मैं पिछले वर्ष नवंबर माह की पहली तारीख को मध्यप्रदेश के भोपाल शहर से भारत भ्रमण के लिए 25 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी करने का संकल्प लेकर निकली हूं। 

उन्होंने बताया कि अब तक मैं देश के 22 प्रांतों की यात्रा करते हुए 23वें राज्य उत्तर प्रदेश में पहुंची हूं। जहानागंज क्षेत्र से गुजरते समय यहां के थाना प्रभारी संजय सिंह तथा उनके सहयोगियों द्वारा किया गया मेरा स्वागत-सत्कार हमेशा याद रहेगा। उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान अपने अच्छे-बुरे अनुभवों को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि वह अब तक देश के तेईसवें राज्य के रूप में यूपी के आजमगढ़ जिले में 18650 किमी यात्रा कर चुकी हूं। वह यात्रा के दौरान अब तक 16 राज्यों के मुख्यमंत्री, 17 प्रांतों के राज्यपाल व 15 प्रदेशों के पुलिस प्रमुखों तथा लगभग 100-100 आईएएस और आईपीएस अधिकारियों से मुलाकात कर चुकी हूं। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिलने की ईच्छा जाहिर करते हुए कहा कि यूपी के मुखिया से मिलकर वह यूपी का सुखद संदेश लेकर उसे देश के लोगों से साझा करुंगी। उन्होंने अपने संदेश में महिलाओं के बारे में कहा कि उनके मन में यह बात बैठाने की जरूरत है कि हमारे देश में महिलाएं सुरक्षित हैं और उनकी सुरक्षा के प्रति देश एवं प्रदेश की सरकारों द्वारा बराबर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि हम महिलाओं को भी अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना होगा सारी जिम्मेदारी केवल सरकार की ही नहीं। उन्होंने देश के युवाओं के बारे में कहा कि युवा पीढ़ी को अपने काम में असफल होने पर निराशा के भाव मन से निकाल कर हिम्मत से काम लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि हार के आगे जीत की धारणा मन में युवाओं को रखकर अपने काम में हिम्मत और हौसले के साथ लग जाना चाहिए ताकि अपने देश का परचम पूरी दुनिया में लहरा सकते। महिला यात्री ने स्वागत में खड़े लोगों से विदा लेते हुए कहा कि वह अयोध्या और गोरखपुर जनपद का भ्रमण करते हुए आगामी 15 अगस्त को देश की राजधानी दिल्ली में पहुंच कर अपनी यात्रा को विराम देंगें।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)