महिला सिपाही पर जानलेवा हमला

Youth India Times
By -
0

इंस्पेक्टर पर लगाया हमले का आरोप मुकदमा दर्ज
सुलतानपुर। सुलतानपुर में रेप पीड़ित महिला सिपाही पर गुरुवार को हमला किया गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली नगर में महिला सिपाही की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हो गया है।
रेप पीड़िता महिला कॉन्स्टेबल ने बताया कि मेरे ऊपर मुकदमा में सुलह का दबाव डाला गया तथा धमकी भी दी गई थी। गुरुवार को करीब 1:30 बजे दोपहर में अपने आवास से दीवानी न्यायालय जा रही थी। पुलिस लाइन पुल के ऊपर जैसे ही पहुंची थी। वैसे ही 2 अज्ञात व्यक्ति बाइक से पहुंचे और जान से मारने की नीयत से गले पर चाकू से वार किया। मैंने अपना बचाव करने के लिये दाहिना हाथ ऊपर की तरफ उठाया जिससे चाकू हाथ की कलाई में लग गया।
पीड़ित महिला कॉन्स्टेबल ने बताया कि जब शोर मचाया तो हमलावर शहर की तरफ भाग गए। चाकू लगने के बाद खून से लथपथ हालत में जिला चिकित्सालय गई। आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर नीशू तोमर ने मेरे ऊपर जानलेवा हमला करवाया है। महिला कॉन्स्टेबल का कहना है कि किसी भी समय वो मेरी हत्या करवा सकता है। पुलिस ने तहरीर को संज्ञान में लेकर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बता दें कि महिला सिपाही ने इंस्पेक्टर नीशू तोमर के खिलाफ बीते वर्ष 2022 जुलाई में रेप का मुकदमा दर्ज कराया था। महिला पुलिस उन्हें सितंबर माह में पूछताछ के लिए लाई थी। जहां से वो फरार हो गया था। तब से वो फरार चल रहा है। जिस पर 50,000 का इनाम भी घोषित किया जा चुका है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)