आजमगढ़ : कहां गायब हुआ समर सिंह?

Youth India Times
By -
0

आजमगढ़ से मुंबई तक दबिश, सामने आई ये जानकारी
आजमगढ़। भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी गायक समर सिंह और उसका सहयोगी संजय अब तक लापता है। दोनों की तलाश में पुलिस पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में छापा मार रही है। पुलिस की एक टीम मुंबई भी रवाना की गई है। सभी मोबाइल फोन बंद हैं। वह अपने परिजनों व करीबियों के संपर्क में भी नहीं है। मंगलवार देर रात लगभग डेढ़ बजे एसटीएफ वाराणसी की टीम ने समर के आजमगढ़ के मेंहनगर स्थित घर पर दबिश दी। समर के न मिलने पर परिजनों से पूछताछ कर टीम लौट गई। परिवार के लोग कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे है। भदोही जिले के बरदहां गांव निवासी छोटेलाल दुबे की बेटी आकांक्षा दुबे का शव सारनाथ के एक होटल में फंदे से लटका मिला था। वह भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के लिए आई थीं। इस मामले में आकांक्षा की मां ने भोजपुरी गायक समर सिंह व उसके भाई संजय के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा सारनाथ थाने में दर्ज कराया है। अब पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।
भोजपुरी गायक समर सिंह मूलरूप से आजमगढ़ जिले के मेंहनगर कस्बे का रहने वाला है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा है। पिता की 1999 में हत्या हो गई थी। समर का सबसे बड़ा भाई सुरजीत सिंह घर पर ही रह कर खेती बाड़ी करता है। दूसरे नंबर का भाई बसंत सिंह का दिल्ली आना-जाना लगा रहता है। वह भी कोई व्यवसाय करता है। सबसे छोटा समर सिंह भोजपुरी गायक है। वर्तमान में उसका घर से कोई खास लेना-देना नहीं है। चार-छह माह पर वह घंटा-दो घंटा के लिए ही घर आता है। अभिनेत्री आकांक्षा दुबे मौत मामले में समर के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद कस्बे में हलचल जरूर देखने को मिल रही है।
मेंहनगर कस्बे में हो रहे चर्चाओं पर गौर करें तो जिस समय सारनाथ थाने में समर सिंह पर मुकदमा दर्ज हो रहा था, उस समय वह गोरखपुर में किसी फिल्म की शूटिंग कर रहा था। आशंका है कि पुलिस की पकड़ से बचने के लिए वह गोरखपुर से ही नेपाल निकल गया हो। भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के बाद सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर उनके प्रशंसकों का गुस्सा थम नहीं रहा है। आकांक्षा के प्रशंसक समर सिंह को ट्रोल करते हुए उस पर जमकर नाराजगी जता रहे हैं। आकांक्षा की मौत के बाद समर ने उन्हें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से श्रद्धांजलि दी थी। इसे लेकर भी आकांक्षा के प्रशंसकों ने नाराजगी जताई। समर की इंस्टाग्राम पोस्ट पर कई लोगों ने कमेंट किया कि आकांक्षा की मौत के पीछे तुम्हारा हाथ है। इसके साथ ही कई सोशल मीडिया यूजर्स ने बायकॉट समर सिंह पोस्ट करके भी अपनी नाराजगी जताई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)