लापता हुई स्त्री रोग विशेषज्ञ

Youth India Times
By -
0

परिजनों ने दर्ज कराई गुमशुदगी
आगरा। आगरा के थाना शाहगंज अंतर्गत सीओडी कॉलोनी निवासी स्त्री रोग विशेषज्ञ शुक्रवार शाम से अचानक लापता हो गई। परिजन चिंतित थे। फिर एक अनजान नंबर से डॉक्टर की बहन पर कॉल आई। कहा कि थोड़ी देर में वापस आऊंगी। इसके बाद डॉक्टर से कोई संपर्क नहीं हुआ। परिजनों ने शाहगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस को डॉक्टर की लोकेशन बिहार में मिली है।
डॉक्टर कनिका भदकारिया स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। एमबीबीएस के बाद उन्होंने पीजी की पढ़ाई इलाहाबाद से की है। उनके पिता रामजीलाल लैदर व्यापारी हैं। कनिका छह भाई-बहन हैं। दो भाई और तीन बहनें डॉक्टर हैं। उनकी बड़ी बहन डॉक्टर त्रिशाला ने शाहगंज थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई है। डा. त्रिशाला ने पुलिस को बताया कि बहन कनिका अपनी बलेनो कार से शुक्रवार शाम करीब सात बजे निकली थीं।
रात साढ़े नौ बजे कनिका ने एक अनजान नंबर से उन्हें फोन किया। बताया कि उनके मोबाइल की बैटरी खत्म हो गई है। उन्हें आने में कुछ देर हो जाएगी। एक-दो घंटे बाद भी जब बहन घर नहीं आई तो उन्हें चिंता हुई। उसकी तलाश में जुट गए। बहन का मोबाइल अभी तक ऑन नहीं हुआ है।
शाहगंज थाने में गुमशुदगी की सूचना पर पुलिस आयुक्त डॉक्टर प्रीतिंदर सिंह ने घटना को गंभीरता से लिया। पुलिस के साथ एसओजी को भी लापता महिला डॉक्टर की तलाश में लगाया गया। मोबाइल बंद था। सर्विलांस से जानकारी नहीं मिली तो पुलिस ने गाड़ी पर लगे फास्टैग से लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया। दोपहर को जानकारी मिली कि कार ने कानपुर में कोई टोल पास किया है। पुलिस की टीम परिजनों के साथ कानपुर रवाना हो गई। वहीं एक टीम लगातार फास्टैग से कार की लोकेशन की जानकारी करती रही।
पुलिस ने उस नंबर पर संपर्क किया जिससे डॉक्टर कनिका ने अपनी बहन को फोन किया था। नंबर मथुरा के एक युवक का निकला। उसने बताया कि एक हॉस्पिटल के बाहर उसे एक महिला मिली थी। उससे निवेदन किया कि एक फोन करना है। उनके मोबाइल की बैटरी खत्म हो गई है। उसने अपना मोबाइल दे दिया। इससे ज्यादा उसे कोई और जानकारी नहीं है। रात साढ़े नौ बजे डॉक्टर कनिका मथुरा में मौजूद थीं। उनका मोबाइल बंद था।
परिवारीजनों ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से घर में भी माहौल ठीक नहीं था। डॉक्टर कनिका के एक भाई को पिता ने बेदखल कर दिया है। घरवालों ने पुलिस को बताया कि वह भाई ही आए दिन आकर परेशान करता है। गालियां देता है। माता-पिता के साथ मारपीट और अभद्रता करता है। इस कारण डॉक्टर कनिका काफी परेशान हैं। परिवार का यह विवाद कई बार पुलिस के पास भी पहुंचा है।
डॉक्टर कनिका ने पीजी की पढ़ाई इलाहाबाद से की है। वहां कई लोगों से उनकी पहचान है। पुलिस ने उनके पुराने दोस्तों से संपर्क किया। पुलिस को एक जानकारी यह भी मिली है कि वह बनारस भी जा सकती हैं। वहां एक आश्रम में वह पूर्व में कुछ दिन रह चुकी हैं। पुलिस ने बनारस पुलिस से भी संपर्क किया।
वहीं दूसरी तरफ एक टीम फास्टैग से कार की लोकेशन के बाद गूगल की मदद से यह देखने में जुट गई कि यह सड़क कहां जाती है। उस मार्ग पर पड़ने वाले सभी टोल प्लाजा पर कार नंबर की सूचना दी गई। पुलिस से संपर्क किया गया। फास्टैग से उनकी कार की लोकेशन कानपुर-इलाहाबाद हाईवे की मिली है। देर शाम पुलिस ने उनकी कार को बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया टोल पर रुकवा ली। वह कार में अकेली थीं। पुलिस और परिजन रात को कैमूर के लिए रवाना हो गए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)