शादी के मण्डप में दूल्हे की जगह प्रेमी को पहनाई वरमाला

Youth India Times
By -
0

देखते रहे परिजन, प्रेमी के साथ निकल गई दुल्हनिया
प्रयागराज। प्रयागराज के मेवालाल बगिया के पास स्थित एक गेस्टहाउस में बुधवार रात एक शादी होने से पहले ही टूट गई। दुल्हन ने मंडप में दूल्हे के साथ फेरे लेने से इनकार कर दिया। मां-बाप बेटी को मनाते रहे लेकिन वह नहीं मानी। वर पक्ष ने पुलिस बुला ली। दोनों पक्षों में समझौते के बाद दूल्हा बिना दुल्हन लिए लौट गया। जिसके बाद सुबह लड़की ने उसी गेस्ट हाउस में प्रेमी के गले में जयमाल डाली और उसके साथ चली गई।
चाका की एक लड़की की शादी काजीपुर के युवक से तय हुई थी। बुधवार को मेवालाल बगिया के समीप स्थित एक गेस्टहाउस में युवक धूमधाम से बारात लेकर पहुंचा। पहले द्वारपूजा और फिर जयमाल भी हो गया। रात के शुभ मुहूर्त के मुताबिक करीब डेढ़ बजे मंडप में शादी भी बैठ गई। अचानक से दुल्हन उठी और बोली कि मुझे शादी नहीं करनी। दुल्हन के इस व्यवहार से सभी सन्न रह गए। दुल्हन के माता-पिता और दूल्हे के घरवालों ने उसे बहुत समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी भी सूरत में मानने को तैयार नहीं हुई। परेशान वर पक्ष ने पुलिस बुला ली। घरातियों और बारातियों में चर्चा शुरू हो गई। पुलिस वालों ने भी समझाने का प्रयास किया, लेकिन लड़की नहीं मानी। जिसके बाद वर पक्ष ने शादी से मना कर दिया। पुलिस ने भी दोनो पक्षों में समझौता कराकर अलग कर दिया और वर पक्ष बिना दुल्हन के लौट गया। जिसके बाद गेस्टहाउस में लड़की पक्ष के लोग ही रह गए। सुबह सारा सामान समेटा जा रहा था तभी वहां लड़की का प्रेमी आ गया। बेटी की जिद के आगे मां-बाप भी हार गए। लड़की ने उसी मंडप में प्रेमी को जयमाल पहनाई और उसके घर चली गई। इंस्पेक्टर नैनी बृजेश सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष सहमति से अलग हो गए। लड़की बालिग है, इसलिए बिना उसकी मर्जी के किसी से शादी नहीं हो सकती है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)