पूर्व बीडीसी सदस्य की गर्दन काटकर हत्या

Youth India Times
By -
0

निर्मम हत्या से क्षेत्र में मचा हड़कंप, भारी फोर्स तैनात
बांदा। बांदा जिले के अतर्रा में किसान की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खेत पर सरसों की फसल की कटाई कर रहे किसान व पूर्व बीडीसी सदस्य की अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से सिर धड़ से अलग कर हत्या कर दी। सुबह खेतों की तरफ पहुंचे ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा तो परिजनों व पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की है। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। थाना बिसंडा क्षेत्र के पुनाहुर चन्द्रायल गांव निवासी मोतीलाल (50) मरवा में 50 बीघा जमीन बटाई पर कर रहा था। शनिवार को मोतीलाल सरसों की फसल की कटाई कर रहा था। शाम को बेटी सरवन पिता के पास से जानवरों का चारा लेकर घर आ गई थी। वह रात में खेत में बनी झोपड़ी में सोया था। रात में अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से सिर धड़ से अलग कर उसकी हत्या कर दी। रविवार सुबह खेतों की तरफ पहुंच किसानों को मोतीलाल का शव लहूलुहान अवस्था मिला। आनन-फानन किसानों ने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी।
सीओ बबेरू राकेश कुमार, थानाध्यक्ष आनंद सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन व ग्रामीणों में आक्रोश को देखते हुए पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना शनिवार रात करीब 12 बजे के आसपास की बताई जा रही है। मृतक पूर्व बीडीसी सदस्य भी था। गांव के लोग उसे बीडीसी नन्ना कहकर पुकारते थे। मृतक के परिवार में पत्नी बिल्लू यादव, दो पुत्र, दो पुत्रियां हैं। एक पुत्री की शादी हो चुकी है। पत्नी चार दिन पहले ही मायके से लौटी थी। पुलिसकर्मियों को गांव में तैनात किया गया है। मृतक के छोटे भाई राजा बाबू की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करते हुए तफ्तीश शुरू कर दी है। सीओ ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। थानाध्यक्ष ने कहा कि मृतक के परिजनों से जानकारी जुटाई जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)