आजमगढ़ : आजादी के जश्न में डूबी मतवालों की टीम, चहुंओर तिरंगा

Youth India Times
By -
0


उत्साह के आगे बेअसर रही बादलों की लुकाछिपी

राष्ट्रभक्ति गीतों ने भरा ऊर्जा का संचार,झूम कर नाचे युवा
रिपोर्ट : वेद प्रकाश सिंह 'लल्ला'
आजमगढ़। राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस गुरुवार को जनपद में धूमधाम से मनाया गया। आजादी के जश्न में मानो सभी उत्साह से लबरेज दिखे। बच्चों और युवाओं में तो कुछ अलग ही नजर आया। 

भारत माता के जयकारे की गूंज तो पौ फटने के साथ शुरू हो गई लेकिन भोर में सड़कों से गुजर रहे वाहनों पर लगे तिरंगे ध्वज एवं राष्ट्रप्रेम का भाव जगाने वाले देशभक्ति पर आधारित गीतों की धुन लोगों को अलग एहसास कराने लगे थे। चहुंओर तिरंगे झंडे, गुब्बारे और बादलों से घिरे आसमान में हिलोरें ले रही पतंगों के झुंड ये सभी राष्ट्रीय पर्व का भरपूर एहसास करा रहे थे। जैसे जैसे दिन चढ़ना शुरू किया युवाओं की टीम भी सजधज कर तिरंगे की छाप लिए घरों से बाहर निकल पड़ी।

 इस बार भी युवा मतवालों की लंबी श्रृंखलाएं डीजे लगे वाहनों पर देशभक्ति गीतों की धुन पर झूमते हुए लंबी दूरी तय कर लोगों में राष्ट्रीयता का भाव भर रही थीं। बाइक जुलूस तो लगभग शहर के सभी इलाके से निकले। 'वंदे मातरम्' एवं 'भारत माता की जय' के नारे से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। ठंड के मौसम में स्कूल के बच्चों द्वारा निकाली गई प्रभातफेरी में नारे लगाते बच्चों के आनंदित चेहरे उनकी मुस्कान को और निखार रहे थे। इस पर्व की खुशी मनाने के लिए तो एक दिन पहले ही पूरी तैयारी कर ली गई थी। सरकारी भवनों पर गणतंत्र दिवस के पूर्व संध्या पर विद्युत झालरों से जगमगाने लगे थे तो सुबह वहां मुख्य जगहों पर हुए ध्वजारोहण कार्यक्रम में भी पर्व का भरपूर उत्साह नजर आया। कलेक्ट्रेट भवन, पुलिस लाइन, विकास भवन, जिला पंचायत, नगर पालिका एवं नगर पंचायत के साथ ही कहें कि सभी सरकारी और निजी प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज पूरे आन बान और शान से लहराया। कुल मिलाकर इस बार मौसम (ठंड और बारिश) की मार का आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हम भारतीयों पर कोई असर नजर नहीं आया। आइए एक बार फिर मां भारती के चरणों में अपने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए एक नए भारत के निर्माण में अपना भी योगदान देने का संकल्प लें। भारत माता की जय।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)