सावधान ! लौट सकती है कड़ाके की ठंड

Youth India Times
By -
0




आजमगढ़, मऊ और बलिया में 16 से 19 तक येलो अलर्ट
आजमगढ़। न्यूनतम तापमान के ऊपर आने और कोहरे से निजात मिलने के बाद कड़ाके की ठंड से फिलहाल थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, मौसम विभाग की मानें तो लोगों को ठंड से मिलने वाली ये राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली। जल्द ही कड़ाके की सर्दी फिर से लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर देगी। आगामी दो-तीन दिनों के दौरान चार से छह डिग्री तापमान में गिरावट संभव है।

हालात को देखते हुए आजमगढ़, मऊ और बलिया समेत कई जिलों में 16 से 19 जनवरी तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। वाराणसी समेत पूर्वांचल के आसपास के जिलों में पिछले तीन-चार दिन से दिन में अच्छी धूप हो रही है। पछुआ हवाएं भी नहीं चल रही है। तापमान में भी बढ़ोतरी जारी है। इस वजह से लोग राहत महसूस कर रहे हैं।

पर्वतीय राज्यों में भारी बर्फबारी शुरू

शनिवार को भी कुछ ऐसा ही मौसम रहा। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय का कहना है कि दो दिन बाद से एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा। घने कोहरे के साथ ही ठंड भी बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पर्वतीय राज्यों में भारी बर्फबारी शुरू हो गई है।
वहां से आने वाली बर्फीली हवाओं के चलते प्रदेश में आगामी दो-तीन दिनों के दौरान 4 से 6 डिग्री तापमान में गिरावट संभव है। शनिवार को पश्चिमी यूपी ज्यादातर हिस्सों में 3 से 8 डिग्री तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई। यह गिरावट आगे भी जारी रहेगा।

यूपी के इन जिलों में येलो अलर्ट :

रायबरेली, लखनऊ, अमेठी, बाराबंकी, गोंडा, अंबेडकरनगर, संभल, बदायूं, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, जालौन, झांसी, फरुर्खाबाद, कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, हमीरपुर, महोबा, बांदा, गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, बलिया, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज समेत पूर्वांचल के अधिकतर जिले।

येलो अलर्ट क्या है :

येलो अलर्ट मौसम को लेकर खतरे की पहली घंटी है। मौसम विभाग जब येलो अलर्ट जारी करता है, तो वह आपको सचेत रहने के लिए कहता है। ऐसे में आपको कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए। येलो अलर्ट के मुताबिक आपको तुरंत कोई खतरा नहीं होता, लेकिन मौसम के हाल को देखते हुए आपको जगह और अपने मूवमेंट को लेकर सावधान रहना चाहिए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)