आजमगढ़ : हौसला बुलंद बदमाशों ने युवक को मारी गोली

Youth India Times
By -
0

खेत की सिंचाई कर घर लौट रहा था युवक
बताया 2 लोगों का नाम, पुलिस जांच में जुटी
आजमगढ़। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की तमाम कोशिशों के बावजूद हौसला बुलंद बदमाश घटनाओं को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं, ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बदमाशों को कानून का कोई भय नहीं रह गया है। जिले में 10 दिन भी नहीं बीत रहा है कि कोई न कोई घटना बदमाशों द्वारा घटित की जा रही है। रविवार की शाम 6:30 बजे के करीब खेत से सिंचाई कर लौट रहे युवक को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी, गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना तरवा थाना क्षेत्र की है।
तरवां थाना क्षेत्र के बिजलीपुर हसनपुर निवासी प्रांजल यादव 21 वर्ष पुत्र शशिकांत यादव आज शाम करीब 6:30 बजे खेत की सिंचाई कर घर लौट रहा था। गांव के समीप रास्ते पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली उसके चेहरे पर लगी है। गोली मारने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए हैं। परिजन उसे आनन-फानन में स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घायल युवक ने दो लोगों का नाम भी बताया है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।

इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल ने बताया कि जिला अस्पताल से सूचना मिली कि गोली लगने से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। घायल युवक प्रांजल यादव द्वारा बताया गया कि उसके पूर्व के परिचित दो युवकों द्वारा उसे गोली मारी गई है। प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को उचित इलाज के लिए हायर सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है। घटना में शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)