पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर, सिपाही को लगी गोली

Youth India Times
By -
0

40 मिनट तक पुलिस और बदमाशों के बीच हुई फायरिंग, 25 से ज्यादा आपराधिक मुकदमे हैं दर्ज
जौनपुर। जौनपुर जिले में आतंक का पर्याय बन चुके एक लाख के इनामी बदमाश विनोद कुमार सिंह को शुक्रवार शाम पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। इस दौरान गोली लगने से सिपाही अजय सिंह (28) निवासी कौशाम्बी भी घायल हुआ। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विनोद की तलाश पुलिस को काफी समय से थी।
सरपतहां थाना क्षेत्र के छितमपट्टी निवासी विनोद सिंह पुत्र रणजीत सिंह पर लाइनबाजार थाने व अन्य थानों में हत्या, लूट, छिनैती जैसे 25 से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बदलापुर थाना क्षेत्र के देवरिया गांव के पास पीली नदी के नीचे शाम करीब चार बजे विनोद सिंह के छिपे होने की जानकारी मिली। उसे पकड़ने के लिए जब पुलिस पहुंची तो उसने फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने फायरिंग शुरू की तब भी विनोद नहीं रूका। करीब 40 मिनट तक पुलिस और बदमाशों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान गोली लगने से विनोद जख्मी हो गया। जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए। पुलिस विनोद को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में एक लाख के इनामी बदमाश विनोद सिंह को गोली लगी। जिला अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)