आजमगढ़: ट्रक की चपेट में आने से दो मरे

Youth India Times
By -
0

आजमगढ़। जनपद के नगर कोतवाली व देवगांव कोतवाली क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गयी। नगर कोतवाली क्षेत्र में हुई घटना में भाग रहे चालक को गांव के लोगों ने ट्रक समेत पकड़ लिया। दुर्घटना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के आहोपट्टी निवासी 40 वर्षीय बबलू पुत्र बालेदीन मजदूरी करता था। वह गुरुवार की सुबह घर से काम के लिए निकला था। उसे काम नहीं मिला, काफी देर इंतजार के बाद वह पैदल घर लौट रहा था। हाफिजपुर चौराहा के पास पहुंचते ही गोरखपुर की ओर से आ रही ट्रक ने बबलू को कुचल दिया। मौके पर ही बबलू की मौत हो गई। घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन के साथ बैठौली मार्ग पर भागने लगा। गांव के लोगों ने चालक को ट्रक समेत पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। बबलू को पांच बेटी हैं, घटना के बाद से परिवार के लोग रो रो कर बेहाल हैं।
इसी क्रम में देवगांव कोतवाली के भोजपुर गांव निवासी 40 वर्षीय मेवालाल राजभर पुत्र जूठन मजदूरी करता था। बुधवार को पल्हना बाजार में एक मकान की ढलाई हो रही थी। मेवालाल भी काम पर गया था। रात करीब 11 बजे ढलाई का काम पूरा हो गया। इसके बाद मेवालाल सड़क के किनारे बिखरी गिट्टी को एकत्र करने लगा। तरवा की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। मेवालाल गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर आ गई। घायल को लेकर लोग सीएचसी लालगंज पहुंचे। डॉक्टर ने हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उसे तीन बेटियां है। घटना के बाद से पत्नी सहित परिवार के लोग रो रो कर बेहाल हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)