शिवपाल यादव ने चुनी राह, प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में किया बड़ा एलान

Youth India Times
By -
0

लखनऊ। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) अध्यक्ष शिवपाल यादव भतीजे अखिलेश यादव के साथ रार और तकरार के बीच अपनी राह चुन ली है। शुक्रवार को प्रसपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में शिवपाल यादव ने निकाय चुनाव अकेले ही लड़ने का एलान कर दिया। इसके साथ ही शिक्षा, चिकित्सा, बिजली व पेयजल की सुविधा को सस्ता करने और गरीबों के लिए निशुल्क करने की मांग करते हुए कहा कि नौकरशाही को जवाबदेय, पारदर्शी बनाने के लिए संथानम् समिति की सिफारिशों को लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि अपने पहले के अनुभवों से सबक लेते हुए हम इस चुनाव में अकेले उतरेंगे। प्रसपा प्रगतिशील समाजवाद व समावेशी राष्ट्रवाद के सिद्धांत के साथ आगे बढ़ेगी। राम के नाम पर विभाजन व नफरत की राजनीति की इजाजत किसी को नहीं है। प्रसपा मांग करती है कि सरकार रोजगार देने की कार्ययोजना का रोडमैप जारी करे।
इस दौरान प्रदेश महासचिव प्रेम प्रकाश वर्मा ने सामाजिक आर्थिक प्रस्ताव पढ़ा और कार्यकारिणी में इसे मंजूर किया गया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य यादव ने कहा कि प्रसपा जातीय व आर्थिक जनगणना की सिफारिश करती है। इससे पारदर्शी और प्रभावशाली आर्थिक नीतियां बन सकेंगी।
इस देश की संस्कृति में एकता के सूत्र बड़े गहरे हैं। यहां डॉ राममनोहर लोहिया ने शायरे आजम शम्सी मिनाई और कैप्टन अब्बास अली के साथ मिलकर रामायण मेला की अवधारणा तैयार की थी। बैठक का संचालन प्रदेश प्रमुख महासचिव अजय त्रिपाठी मुन्ना ने किया। राष्ट्रीय महासचिव अध्यक्ष सुंदरलाल लोधी,राम सिंह यादव,रामनरेश यादव , पूर्व मंत्री जय प्रकाश यादव, मुख्य प्रवक्ता दीपक मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष रक्षपाल सिंह, फरहत हसन खां आदि ने अपने विचार रखे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)