अब्बास अंसारी भगोड़ा घोषित, कुर्की की तैयारी

Youth India Times
By -
0

लखनऊ। माफिया मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे अब्बास अंसारी को भगोड़ा घोषित कर दिया गया है। मऊ सदर से सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी को के खिलाफ लखनऊ महानगर पुलिस ने कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। अब्बास को लखनऊ पुलिस डेढ़ महीने से तलाश रही है। कोर्ट ने 12 अगस्त को अब्बास को 25 तक गिरफ्तार कर पेश करने का आदेश दिया था। गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की लेकिन वह हाथ नहीं लगा। पुलिस अब अब्बास के भगोड़ा घोषित करने का नोटिस चस्पा कर उसके खिलाफ कुर्की की तैयारी में लग गई है।
महानगर में 2019 में अब्बास अंसारी के खिलाफ शस्त्र लाइसेंस के दुरुपयोग का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पेशी से लगातार गायब रहने पर कोर्ट ने उसके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया था। इसके बाद से ही पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिये टीमें बना दी थी। सर्विलांस की मदद से पुलिस को उसके पंजाब में होने का पता चला था। एक टीम पंजाब भी भेज दी गई थी। इससे पहले दिल्ली, मऊ, गाजीपुर, बाराबंकी और लखनऊ में कई जगह दबिश दी गई लेकिन उसे नहीं पकड़ सकी। इससे पहले भी उसे भगो़ड़ा घोषित करने के लिये पुलिस ने कोर्ट में अर्जी दी थी। लेकिन तब कोर्ट ने इसे खारिज करते हुये पुलिस को आदेश दिया था कि उसे 25 अगस्त तक गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करे। गुरुवार को कोर्ट की मोहलत खत्म हुई। इसके बाद महानगर इंस्पेक्टर केशव कुमार तिवारी ने अर्जी दाखिल की। इस पर कोर्ट ने अब्बास अंसारी को भगोड़ा घोषित कर दिया है। पुलिस अब इसकी नोटिस चस्पा कर कुर्की की तैयारी कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)